राहुल गांधी के कांग्रेस अध्‍यक्ष बनने पर नीतीश की पार्टी का निशाना- वंशवाद की राजनीति के नए अवतार हैं

राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर शनिवार को बिहार में भाजपा की मदद से सत्तारूढ़ जनता दल-युनाइटेड ने तंज कसते हुए राहुल को वंशवाद की राजनीति का नया अवतार बताया। जद-यू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने यहां पत्रकारों से कहा कि राहुल वंशवाद की राजनीति के नए अवतार हैं। उनकी ताजपोशी सोने के चम्मच लेकर पैदा होने के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज अपने संक्रमण दौर से गुजर रही है और नए रूप में है। उन्होंने राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा कि तमाम वरीय नेताओं को दरकिनार करते हुए उन्हें अध्यक्ष बनाया गया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ दिल्ली में उनकी मुलाकात पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल ने ताजपोशी से पहले भ्रष्टाचारी के साथ लंच किया। उन्होंने आगे कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर बोलने वाले राहुल गांधी से उम्मीद है कि जो राजनीति में भ्रष्टाचार को लेकर प्रदूषण फैला रहे हैं, ऐसे लोगों से परहेज करेंगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद सोनिया गांधी ने बेटे राहुल गांधी को औपचारिक रूप से पार्टी की कार्यभार सौंप दिया है। वहीं सोनिया संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष बनी रहेंगी।

आपको बता दें कि राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद की आधिकारिक तौर पर कमान संभाल ली है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में राहुल पार्टी के नए अध्यक्ष बने। इस मौके पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी मां सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, बहन प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता मौजूद थे। राहुल गांधी को सर्टिफिकेट देकर आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। गौरतलब है कि राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी पिछले 19 सालों से पार्टी की कमान संभाल रही थीं। बीते कुछ वक्त से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *