शशि थरूर बोले- राहुल का पहला काम संगठन को मजबूती देना, लोग लेने लगे चुटकी

राहुल गांधी ने आखिरकार कांग्रेस की कमान संभाल ली है। इस पर आमलोगों के साथ पार्टी नेताओं की भी प्रतिक्रियाएं लगातार आ रही हैं। पार्टी नेताओं को उनसे काफी उम्मीदें भी हैं। कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर भी उन नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने अपनी उम्मीदें सामने रखी हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का पहला काम संगठन को मजबूत करना होगा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर पार्टी में अब ज्यादा से ज्यादा युवा नेता शामिल होंगे।

शशि थरूर का बयान आते ही लोग चुटकी लेने लगे। सरकार चेपुरी ने ट्वीट किया, ‘राजीव गांधी के बेटे की टीम में शामिल होंगे: तरुण गोगोई का बेटा, राजेश पायलट का बेटा, माधव राव सिंधिया का बेटा, मुरली देवड़ा का बेटा, सुनील दत्त की बेटी, माधव सिंह सोलंकी का बेटा, भूपेंद्र हुड्डा का बेटा। …और इस तरह वंश परंपरा आगे बढ़ेगी।’ अजय राणे ने लिखा, ‘कांग्रेस अब खुद ही अपना मजाक उड़ा रही है।’ उनके बयान पर प्रतिक्रियाओं का दौर यहीं नहीं थमा। रामकृष्ण ने ट्वीट किया, ‘राहुल गांधी द्वारा सबसे पहले शशि थरूर को ही बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, ताकि युवाओं के लिए रास्ता बनाया जा सके।’ अभी गौड़ा ने लिखा, ‘राहुल गांधी युवा हैं? …तब तो मनमोहन सिंह भी युवा हैं।’ मालूम हो कि राहुल गांधी की पहल पर बनाई गई टीम में शशि थरूर को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।

राहुल गांधी को वर्ष 2013 में कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद से ही उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनाने के कयास लगाए जा रहे थे। इस बीच, गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान ही उन्हें पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया। इसके साथ ही कांग्रेस में सोनिया गांधी के नेतृत्व का काल समाप्त हो गया। राहुल ने ऐसे समय में पार्टी की कमान थामी है जब गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के नतीजे आने हैं। इसके अलावा अगले साल कई राज्यों में विस चुनाव होंगे। साथ ही वर्ष 2019 में लोकसभा के लिए भी चुनाव होना है। ऐसे में राहुल गांधी जो भी टीम बनाएंगे उसके साथ ही उन्हें आमचुनाव में जाना होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *