IND VS SL: विकेट के पीछे धोनी का मास्टर माइंड, 100 रन भी नहीं बना सके श्रीलंकाई बल्लेबाज

बुधवार को खेले गए पहले टी-20 मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 93 रनों से हराकर सीरीज का आगाज जीत के साथ किया। भारत ने अब तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। श्रीलमका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने 61 रनों की पारी खेली। राहुल ने 48 गेंदों की इस पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे ही ओवर में निरोशन डिकवेला जसप्रीत बुमराह की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद श्रीलंका की पारी पूरी तरह से लड़खड़ा गई और पूरी टीम महज 87 रनों पर ही ढेर हो गई। लेकिन इस मैच में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बेहद ही खास योगदान रहा। धोनी विकेट के पीछे से गेंदबाजों को सही लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करने का तरीका बताते रहे।
धोनी यजुवेंद्र चहल के साथ मिलकर श्रीलंकाई बल्लेबाजों को लगातार परेशान करते रहे। इस तरह पहले कई बार धोनी आर अश्विन के साथ मिलकर कर चुके हैं। दरअसल, जब श्रीलंकाई बल्लेबाजों के पास रन बनाने का कोई रास्ता नहीं दिख रहा था तो उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ आगे बढ़कर खेलने का फैसला किया। जिसका आभास धोनी को हो गया था। धोनी ने चहल से लेग स्टंप के बाहर गेंद फेंकने को कहा और गेंद वाइड चली गई। लेकिन धोनी का काम हो गया।
श्रीलंकाई बल्लेबाज गुणारत्ने बड़ा शॉट खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकले और धोनी ने उन्हें स्टंप कर दिया। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने भी धोनी की इस चाल की खूब सराहना की। धोनी अक्सर गेंदबाजों के साथ पिच की हरकतों को लेकर बात करते हैं। कल भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जिसके बाद फूरी श्रीलंकाई टीम धोनी के इस प्लान के सामने बेबस नजर आए।