बाबा वीरेंद्र देव के आश्रम से छुड़ाई गईं लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें उपराज्यपाल- अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कथित बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित के आश्रम से छुड़ाई गई लड़कियों के मामले में उपराज्यपाल अनिल बैजल से हस्तक्षेप कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही केजरीवाल ने आरोप लगाया कि विवादित आश्रम की गतिविधियों के पीछे पुलिस और भाजपा के कुछ नेताओं के बीच की साठगांठ है।  रविवार को केजरीवाल ने एक ट्वीट कर कहा, ‘मैं माननीय एलजी से व्यक्तिगत तौर पर हस्तक्षेप करने और आश्रम के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने  और छुड़ाई गई लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध करता हूं। यदि किसी पुलिसकर्मी ने दुर्भावनापूर्ण हरकत की है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’

बताते चलें कि दिल्ली में द्वारका और रोहिणी स्थित वीरेंद्र देव दीक्षित के आश्रमों से करीब 46 नाबालिग लड़कियां छुड़ाई गई हैं। वहीं, संवाददाता सम्मेलन में आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने आश्रम संचालक वीरेंद्र देव दीक्षित को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह पुलिस और भाजपा के कुछ नेताओं की साठगांठ का नतीजा है कि फर्जी बाबा को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। अब भी नहीं पता कि उसके ऐसे कितने आश्रम चल रहे हैं।
उधर, भाजपा ने आरोपों को खारिज कर दिया है। दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति का पालन करती है और सभी धर्मों व आध्यात्मिक गुरुओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नाम इस आश्रम से जोड़ा जाना निंदनीय है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *