उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हाड़ कंपाने वाली सर्दी

देश में उत्तर जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई उत्तर पश्चिमी राज्यों में पारे में गिरावट दर्ज की गई। दो-तीन दिनों की राहत के बाद इन सूबों में कंपीकंपी के दिन फिर लौट आए हैं। श्रीनगर में इस मौसम के दौरान कल रात सबसे अधिक सर्द रही और यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। साथ ही कश्मीर घाटी के शेष हिस्से का न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा जबरदस्त ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र में लेह रविवा रात राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा और न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। करगिल शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। आज तड़के शहर और घाटी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिला जिसके कारण दृश्यता का स्तर घटकर कर 300 मीटर हो गया।

कश्मीर के शेष हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप जारी है और सभी मौसम केन्द्रों में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में काजीकुंड शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस जबकि कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कुपवाड़ा शहर का न्यनूतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि उत्तर कश्मीर में स्थित गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम अधिकारी ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक घाटी में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। जम्मू में लोगों बाकी पेज 8 पर को ठंड से थोड़ी राहत मिली : जम्मू में लगातार रात का पारा गिर रहा है लेकिन आज सुबह धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने कहा कि यहां का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम में इस समय के तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम है और पिछली रात की अपेक्षा एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। पिछले दो दिनों से सूरज यहां लोगों के साथ छुपम-छुपाई खेल रहा है। आज सुबह यहां धूप निकलने के बाद लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली।

रियासी जिले में स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर के रूप में इस्तेमाल होने वाले कटरा में तापमान में कमी दर्ज की गई है। यहां का तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बनिहाल सहित पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाए रहने की वजह से रात में तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। पंजाब में अमृतसर और आदमपुर सबसे सर्द इलाके : पंजाब के अमृतसर और आदमपुर में गलन भरी सर्दी पड़ रही है। पंजाब और हरियाणा के अधिकतर इलाके जबर्दस्त सर्दी की चपेट में हैं। मौसम कार्यालय ने बताया कि दोनों राज्यों के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे है।
अमृतसर और आदमपुर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बठिंडा में भी गलन भरी सर्दी पड़ रही है और यहां का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में पांच डिग्री सेल्सियस तो हलवाड़ा में 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रोहतक में रात का तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी : राजस्थान के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कल के मुकाबले न्यूनतम तापमान में कमी आई हैं वहीं कुछ जगहों पर तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू-सीकर में पांच, श्रीगंगानगर में 5.4, चित्तौड़गढ़ में 6, पिलानी में 6.1, अलवर में 6.2, वनस्थली में 7.6, डबोक में 7.8, जोधपुर में 8.6, बीकानेर में 8.7, ऐरनपुरा रोड में 9, अजमेर में 9.3, जैसलमेर में 9.8, कोटा में 10.1, जयपुर में 10.3, बूंदी में 11.5 और बाड़मेर 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने और तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश में शीतलहर, रात के तापमान में भारी गिरावट : उत्तर प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है और अधिकांश हिस्सों में रात के तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने बताया कि आज सुबह सबसे कम चार डिग्री सेल्सियस तापमान मुजफ्फरनगर में दर्ज किया गया। वाराणसी, लखनऊ, इलाहाबाद, कानपुर और मेरठ मंडलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मुरादाबाद, बरेली और गोरखपुर मंडलों में दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटे में घना कोहरा पड़ने और शीतलहर जारी रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *