धोखाधड़ी के मामले में 15 साल से फरार चल रहा आरोपी वॉशिंग मशीन में मिला

मुंबई का एक शख्स धोखाधड़ी के मामले में 15 वर्षों से फरार चल रहा था। 54 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अजीबो-गरीब तरीका अपनाया। जब जुहू स्थित घर से उसकी गिरफ्तारी हुई, तब वह वॉशिंग मशीन के अंदर छिपा मिला। आरोपी की पत्नी और उसके वकील ने जब पुलिस को घर की तलाशी लेने से रोका तो आजाद मैदान और जुहू पुलिस तीन घंटे तक आरोपी मनोज तिवारी का उसके घर के बाहर इंतजार करती रही। आखिरकार पुलिसवाले किसी तरह घर में घुसने में कामयाब हुए और आरोपी को वॉशिंग मशीन में कपड़ों के नीचे छिपा पाया।

द हिंदू की खबर के मुताबिक मनोज तिवारी 2002 से आजाद मैदान पुलिस की वॉन्टेड लिस्ट में था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने तीन लोगों के साथ धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। उसने बीड में बीएड में दाखिला दिलाने का वादा कर 1 लाख रुपये लिए थे। जोन आइई के डिप्टी कमिश्नर मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक अदालत से आरोपी को भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन को भी ट्रैक करती रही।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने 12 वर्षों के दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए कई बार अपने ठिकाने बदले। सोमवार को पुलिस ने तीन बेडरूम वाले अपार्टमेंट की तलाशी ली, लेकिन उसे पकड़ नहीं सकी। पुलिस तलाशी अभियान पर विराम लगाने वाली ही थी कि तभी वॉशिंग मशीन में पड़े कपड़ों को हाथ लगा दिया। आरोपी वहीं धर लिया गया।

आरोपी पुणे के एक और 1 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी के मामले में वॉन्टेड चल रहा था। पुलिस ने आरोपी की पत्नी के खिलाफ भी कार्रवाई में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *