महिला की अश्लील फोटो खींचकर सबको भेजी, सबक सिखाने मुंबई से पुणे पहुंच गईं 8 दोस्त

मुंबई में एक व्यक्ति द्वारा एक महिला की अश्लील फोटो उसके दोस्तों को सोशल मीडिया के जरिए भेजने का मामला सामने आया है। दोस्त की फोटो अपने फेसबुक और व्हाट्सऐप पर देख 8 महिलाएं इतनी गुस्सा हुईं कि उन्होंने आरोपी को सबक सिखाने के लिए पुणे से मुंबई की तरफ कूच किया। मिड डे के अनुसार पीड़ित महिला ने बताया कि वह और आरोपी महेंद्र साल्वी काफी समय से रिश्ते में थे लेकिन आरोपी ने उसे धोखा दे दिया। आरोपी ने पीड़िता को बताया था कि वह एक बहुत नामी बिल्डर है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उससे कहा था कि वह उसके प्रोजेक्ट में कुछ रुपए इन्वेस्ट करे।

पीड़िता ने आरोपी को 5 लाख रुपए दे दिए जिसके बाद आरोपी ने उससे कहा कि वह छह महीने के अदंर उसे मुनाफा कर 30 लाख रुपए देगा। जब इन बातों को दो साल बीत गए तो पीड़िता ने आरोपी से अपने पैसे मांगे लेकिन दोनों का इस बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद पीड़िता को सबक सिखाने के लिए आरोपी ने उसकी तस्वीरें उसकी दोस्तों को भेज दीं। इतना ही नहीं आरोपी उन्हें गंदे-गंदे मैसेज भी भेजा करता था। जब इस बात का पता पीड़िता को लगा तो उसने इससे परेशान होकर आरोपी की  शिकायत पुणे के एक एनजीओ  की कार्यकर्ता पुष्पा मराठे से की।

मामले पर बात करते हुए मराठे ने कहा ‘हमने स्थानीय चकन पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने की बहुत कोशिश की लेकिन पुलिसवालों ने हमारा केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। इसके बाद हमने फैसला लिया कि हम खुद मुंबई जाकर आरोपी को सबक सिखाएंगे।’ इसके बाद महिलाएं अपने गांव से 150 किलोमीटर दूर मुंबई के लिए निकल गईं और रात के करीब 11:30  बजे वे शहर पहुंची। मुंबई पहुंचने के बाद महिलाओं ने सीधा मुलुंद पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना बताई। आरोपी के बारे में पता करने के लिए एक कांस्टेबल को भेजा गया। इसके बाद मुलुंद पश्चिम में स्थित झुग्गियों में बने उसके घर को ट्रेस किया जा सका। महिलाएं यह जानकर हैरान थीं कि आरोपी एक बस्ती में रहता था क्योंकि उनकी सहेली को उसने बताया था कि वह बहुत बड़ा बिल्डर है।

महिलाएं कांस्टेबल के साथ आरोपी के घर पहुंची लेकिन वह उन्हें वहां नहीं मिला। महिलाओं ने काफी देर तक आरोपी का इंतजार किया लेकिन वह नहीं आया, जिसके बाद महिलाएं वापस पुलिस थाने पहुंची और उन्होंने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। भले ही महिलाएं आरोपी को नहीं पकड़ पाई हो लेकिन आरोपी उसी रात पुलिस थाने पहुंचा, जहां पर उसने लिखित में सभी से माफी मांगी और कहा कि वह दोबारा इस प्रकार की गलती नहीं करेगा। वहीं जब चकल थाने की पुलिस से पूछा गया कि उन्होंने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज क्यों नहीं की तो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मनोज यादव ने कहा “उनका स्वागत है कि वे आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। हम उन्हें निश्चित करते हैं कि हम इस केस की अच्छे से जांच करेंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *