कई महिलाओं ने उपलब्धियों के झंडे गाड़े, मानुषी छिल्लर ने आधी आबादी की उम्मीदों में भर दिए नए रंग

साल 2017 में वैसे तो भारतीय महिलाओं ने कई उपलब्धियां हासिल कीं किंतु हरियाणा की सुंदरी मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड 2017 का प्रतिष्ठित ताज अपने नाम कर देश की आधी आबादी की उम्मीदों में सात रंगों का इंद्रधुनष भर दिया। मानुषी मिस वर्ल्ड खिताब जीतने वाली छठी भारतीय महिला हैं। इससे 17 साल पहले 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने यह जीता था। छिल्लर ने चीन के सान्या शहर एरीना में आयोजित समारोह में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आई 108 सुंदरियों को पछाड़ कर यह खिताब अपने नाम किया है। मुसलिम महिलाओं के लिए वर्ष 2017 ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है क्योंकि एक बार में तीन तलाक कहने के चलन को संज्ञेय अपराध बनाने संबंधी एक विधेयक को लोकसभा ने मंजूरी दे दी है। समाज के एक बड़े तबके ने इस प्रस्तावित कानून को ऐतिहासिक करार देते हुए इसका स्वागत किया है।

भाजपा की वरिष्ठ नेता निर्मला सीतारमण को सितंबर माह में केंद्रीय मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल में रक्षा मंत्री बनाया गया। निर्मला पूर्णकालिक रक्षा मंत्री बनने वाली देश की पहली महिला हैं। इससे पहले इंदिरा गांधी रक्षा मंत्रालय का प्रभार देख चुकी हैं किंतु वे उनका अतिरिक्त प्रभार था। राजनीतिक क्षेत्र पर अगर नजर डालें तो देश की सबसे पुरानी पार्टी की 19 साल तक कमान संभालने के बाद सोनिया गांधी इस साल दिसंबर में कांग्रेस पद से हट गईं। उनकी जगह इस पद पर उनके पुत्र राहुल गांधी निर्वाचित हुए। देश की एक अन्य महिला कद्दावर नेता और बसपा प्रमुख मायावती ने जुलाई माह में राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने वाला विधेयक इस साल भी कानून नहीं बन पाया। हालांकि तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यह विधेयक संसद में पारित करवाने का आग्रह किया और साथ ही आश्वासन दिया कि इसे पारित करवाने में कांग्रेस पार्टी पूरा सहयोग देगी। किंतु इस दिशा में कोई विशेष प्रगति नहीं हुई।

वर्ष 2017 के दौरान एक ऐतिहासिक चरित्र ‘पद्मावती’ भी सुर्खियों में छाया रहा। इसका कारण संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ रही जिसकी मुख्य भूमिका दीपिका पादुकोण ने निभाई है। इस फिल्म के विरोध में राजपूत समाज के कई लोग सड़कों पर उतर आए। उनका दावा था कि पद्मावती फिल्म में इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। हालांकि भंसाली सहित फिल्म से जुड़े लोगों का दावा है कि इसमें पद्मावती से जुड़े तथ्यों से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।

इस साल लोकसभा के इतिहास में पहली बार कोई महिला महासचिव बनीं। मध्य प्रदेश काडर की आइएएस अधिकारी रह चुकी स्नेहलता श्रीवास्तव ने दिसंबर माह में यह दायित्व संभाला। खेल जगत में भी महिला खिलाड़ियों ने अपना दमदार प्रदर्शन करते हुए कई खिताबों में उपलब्धियां हासिल कर देश का नाम गौरवान्वित किया। नवंबर माह में जापान काकामिगाहारा में भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में चीन को 5-4 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने विश्व कप 2018 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

भारत की नामचीन बैंडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इस साल भी उपलब्धियों का सफर जारी रखा। बेहतरीन फॉर्म में चल रही सिंधु ने सितंबर माह में कोरिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट जीतकर नया इतिहास रच दिया। जापान की नोजोमी ओकुहारा से विश्व चैंपियनशिप में मिली हार का बदला लेकर सिंधु कोरिया ओपन जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं। सिंधु ने इस साल अप्रैल में इंडिया ओपन सीरीज भी जीती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *