नए साल के जश्न में हुआ लेजर शो, अंधे होने से बचे छात्र, 200 से ज्यादा हुए प्रभावित

दुनिया के हर कोने में बहुत ही जोरशोर से लोगों ने नए साल का जश्न मनाया और कई जगहों पर तो लोग अभी भी इसमें डूबे हुए हैं। भारत में भी लोगों ने अपने-अपने तरीकों से नए साल का स्वागत किया और पुराने साल को बाय-बाय कहा। इस दौरान कई जगहों पर लोगों ने पार्टियां की, डीजे पर डांस किया और दोस्तों के साथ खुशी के पल बिताए। इन्हीं सब जश्नों के बीच एक जश्न ऐसा भी रहा जो छोटे-छोटे बच्चों के लिए बहुत ही नुकसानदायक साबित हुआ। दरअसल आंध्र प्रदेश के एक स्कूल के 200 बच्चों की आंखों के लिए लेजर शो बहुत ही घातक साबित हुआ। टाइम्स नाउ के मुताबिक राज्य के विजयनगरम जिले के पार्वतीपुरम में स्थित एक स्कूल में बच्चों के लिए नए साल की पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें डीजे की व्यवस्था की गई थी और लेजर लाइटिंग का भी प्रयोग किया गया था।

इस लेजर लाइट के कारण बच्चों की आंखों पर बहुत ही बुरा प्रभाव पड़ा। सुबह जब बच्चे सोकर उठे तक उनकी आंखों से पानी बह रहा था और जलन हो रही थी। डॉक्टर से जांच कराने के बाद पता चला कि लेजर शो के कारण ऐसा हो रहा है। गनिमत यह रही कि ये सभी बच्चे अंधे होने से बच गए और वक्त पर इनका इलाज कर लिया गया।

वहीं मुंबई में भी नए साल के जश्न के दौरान कुछ ऐसा हुआ जो बेहद ही शर्मनाक था। मुंबई के एक पब में 20 साल का एक लड़का नए साल के जश्न के दौरान शराब के नशे में इतना धुत्त था कि उसने एक लड़की को जबरन किस कर लिया। यह हरकत उस पब में मौजूद पुलिस कांस्टेबल के सामने हुई, लेकिन कांस्टेबल को लगा कि शायद लड़का और लड़की एक-दूसरे को पहले से जानते होंगे, इसलिए लड़के को ऐसा करने से रोकने के लिए कोई भी कोशिश नहीं की गई। हालांकि बाद में पीड़ित लड़की की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं हैदराबाद में भी कुछ लोगों ने नए साल के जश्न के दौरान शराब के नशे में रविवार की रात गर्ल्स हॉस्टल के सामने बाइक पर स्टंट किया और पत्थरबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *