जब शशि कपूर ने इस डायरेक्टर से कहा- ‘तुम मुझे मार डालना चाहते हो…’

बॉलीवुड इंडस्ट्री में 70 के दशक आते-आते शशि कपूर की पहचान एक बड़े स्टार के रूप में हो चुकी थी। यहां तक कि 80 के शुरुआती दौर में शशि कपूर ने कई फिल्मों में एक साथ काम किया। कभी-कभी तो वह छह शिफ्टों में भी काम करते थे। वहीं उन्हीं दिनों शशि कपूर ने डायरेक्टर मनमोहन देसाई की कई फिल्मों में काम किया था। मनमोहन देसाई की दो फिल्मों में शशि कपूर के साथ कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने डायरेक्टर पर आरोप तक लगा दिया था कि वह उनकी जान लेना चाहते हैं। इसके साथ ही शशि कपूर ने यह भी कह दिया था कि वह कभी उनकी किसी फिल्म में काम नहीं करेंगे। चलिए बताते हैं आखिर क्या था पूरा मामला।

मशहूर डायरेक्टर मनमोहन देसाई बॉलीवुड में खतरनाक स्टंट के लिए भी जाने जाते थे। वहीं उन्होंने सबसे ज्यादा स्टंट शशि कपूर के साथ किए थे। हालांकि शशि कपूर कई बार खतरनाक स्टंट करने से परहेज करते थे लेकिन मनमोहन देसाई के साथ लगातार हुए कुछ वाकयों से वह काफी परेशान हो गए थे।

दरअसल हुआ कुछ यूं था कि साल 1973 में रिलीज हुई फिल्म आ गले लग जा में शशि कपूर को एक स्टंट करना था। डायरेक्टर मनमोहन देसाई चाहते थे कि शशि स्टंट में असली चाकू का इस्तेमाल करें लेकिन शशि कपूर ऐसा नहीं चाहते थे। इसी फिल्म में शशि कपूर से शीशे के साथ स्टंट कराया जाना था लेकिन उन्होंने मना कर दिया। बाद में जब शशि कपूर के डबल ने वह स्टंट किया तो कांच टूट गया और स्टंट के सिर में कांच के टूकड़े घुस गए थे।

इसके बाद साल 1979 में मनमोहन देसाई की फिल्‍म आई थी ‘सुहाग’। इस फिल्‍म के क्‍लाइमेक्‍स सीन की शूटिंग हो रही थी और एक्‍शन सीन शूट होना था। इसमें अमजद खान हेलीकॉप्‍टर से भागने की कोश‍िश कर रहे हैं और शश‍ि-अमिताभ को उन्‍हें रोकना था। इसके लिए दोनों एक्‍टर्स को चॉपर के नीचे लटकना था। इस सीन में करीब 100 फीट की ऊंचाई पर शशि कपूर के हाथों में पसीने आने लगे, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा होने लगा था। शशि कपूर ने किसी तरह वह स्टंट पूरा किया और जब वापस लौटे तो उनकी आंखों में आंसू थे।

बाद में उन्‍होंने कहा, ‘मुझे तो लगा जैसे आज नहीं बचूंगा।’ जब मनमोहन देसाई उनके पास पहुंचे तो शश‍ि ने गुस्‍से में कहा, ‘ ‘तुम मुझे मार डालना चाहते हो, मैं आपके साथ अब कभी कोई एक्‍शन सीन नहीं करूंगा।’ बाद में शश‍ि कपूर ने यह भी घोषणा कर दी कि वो मनमोहन के साथ आगे कभी कोई फिल्‍म नहीं करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *