Video: एक शेर को लात मारना घोड़े को भारी पड़ गया, देखें बाघ संग मिलकर सर्कस रिंग में कैसे बोला हमला

चीन में घोड़े को एक शेर को लात मारना भारी पड़ गया। शेर नाराज हो गया और उस पर हमला बोलने लगा। सर्कस के रिंग में उसके पास में एक बाघ भी था। वह भी इस दौरान घोड़े पर हावी हो गया। घोड़ा उनके हमले से बचने के लिए भाग रहा था, लेकिन वे उसे कभी काटते तो कभी नोंचते नजर आ रहे थे। घटना के दौरान स्टाफ ने जब दखल दी, तब घोड़े को राहत मिली। सर्कसकर्मियों ने शेर और बाघ को काबू किया। दोनों के हमले में घोड़े को चोटें आई हैं, जिसके बाद उसका इलाज कराया गया। घटना के दौरान पास में कुछ और लोग भी थे। उन्हीं में से किसी ने घटना की रिकॉर्डिंग कर ली थी। घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है। यह मामला 11 जनवरी का बताया जा रहा है। यहां हेबेई प्रांत स्थित कांगजाऊ शहर में ताईयांग सर्कस है, जहां पर शो से पहले रिहर्सल की जा रही थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रिंग के अंदर घोड़े के साथ शेर भी था। अचानक उसने शेर को लात मार दी। शेर इसी पर झल्ला गया और आक्रामक हो गया। वह घोड़े पर पंजों से वार करने लगा और उसे काटने लगा। घटना के दौरान वहां एक बाघ भी था, वह भी दोनों के बीच कूद पड़ा। अब घोड़ा दो तरफ से हमलों को झेल रहा था। बाघ भी इस दौरान उसे काटने की कोशिश कर रहा था। ऐसे में घोड़ा उनके हमले से बचने के लिए इधर-उधर भागता दिख रहा था।

देखिए कैसे घोड़े पर हावी हुए थे शेर और बाघ-

घोड़े पर शेर-बाघ को हावी होते देख सर्कस स्टाफ फौरन हरकत में आया। सर्कसकर्मी घोड़े को उनके हमले से बचाने के लिए शेर और बाघ को चाबुक से पीटने लगे, जिसके बाद दोनों को अलग-अलग पिंजड़ों में बंद किया गया। शेर-बाघ को रिंग से निकालने के बाद घोड़े की मरहम पट्टी कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *