बदली और बारिश के साथ उत्तर भारत में लौट सकती है ठंड

चटख धूप खिलने और तापमान बढ़ने से भले ठंड से लोगों को कुछ राहत मिल गई हो, लेकिन उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में बदली और बूंदाबांदी के साथ इसके लौटने के पूरे आसार बने हुए हैं। हालांकि जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा के कई क्षेत्रों में अब भी सर्दी का प्रकोप जारी है लेकिन उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ने से मौसम खुशगवार हो गया है। मगर इस खुशगवार मौसम पर जल्द ही ग्रहण लगने वाला है जब एक-दो दिन में सूबे के विभिन्न भागों में बदली और बूंदाबांदी होने से ठंड के फिर लौटने की संभावना जताई जा रही है। उत्तर प्रदेश आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जेपी. गुप्ता ने रविवार को बताया कि 23 तारीख को प्रदेश के विभिन्न भागों में बदली और बारिश हो सकती है। इससे ठंड कुछ समय के लिए पुराने रंग में आ सकती है। बहरहाल, फिजा में गलन काफी कम हो जाने और चटख धूप निकलने से दिन का तापमान बढ़ा है। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह से ही धूप निकली और दिन परवान चढ़ने के साथ ही यह और तेज होती गई। हालांकि दिन ढलने के साथ ही ठंड का एहसास बढ़ता गया।
हालांकि, मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ पूर्वी हिस्सों में शीतलहर का असर बना रहा। इस दौरान अनेक इलाकों में घना कोहरा भी गिरा। रविवार को गोरखपुर मंडल में अधिकतम तापमान में खासी बढ़ोतरी हुई। वहीं आगरा और मेरठ में इसमें काफी गिरावट आई। वाराणसी, मुरादाबाद और झांसी मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान बरेली, आगरा और मेरठ मंडलों में रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। फैजाबाद, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और मेरठ मंडलों में यह सामान्य से नीचे रहा। इस अवधि में मुजफ्फरनगर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ पूर्वी भागों में घना कोहरा गिरने की संभावना है। उधर, लद्दाख सहित जम्मू-कश्मीर के कई हिस्से भीषण सर्दी की चपेट में हैं और कुछ स्थानों बाकी पेज 8 पर पर तो तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि करगिल राज्य का सबसे सर्द स्थान बना हुआ है जहां तापमान शून्य से करीब 20 डिग्री नीचे तक चला गया है। लद्दाख के लेह में भी तापमान शून्य से 14.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में शनिवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम विज्ञान कार्यालय ने जम्मू-कश्मीर के 16 जिलों में रविवार को अगले 24 घंटे के लिए हल्के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। एकअधिकारी ने बताया, जम्मू के सात जिलों, कश्मीर के छह जिलों और लद्दाख के दो जिलों में ऊंचे इलाकों के लिए अगले 24 घंटों में कम खतरनाक हिमस्खलन होने की चेतावनी दी गई है। अधिकारी ने बताया कि हिम एवं अवधाव अध्ययन स्थापना (एसएएसई) से प्राप्त सूचनाओं के मुताबिक राज्य के ऊंचे इलाकों-पुंछ, रजौरी, रियासी, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, उधमपुर, अनंतनाग, कुलगाम, बडगाम, कुपवाड़ा, बांदीपुरा, गंदेरबाल, करगिल और लेह जिलों में पहले स्तर के कम खतरनाक हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।इसके साथ ही अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के ऊंचे इलाकों में भी दूसरे स्तर के कम खतरे वाले हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग ने इन जिलों के ऊंचे इलाकों में रहने वाले लोगों से हिमस्खलन के खतरे वाले क्षेत्रों में नहीं जाने और सुरक्षात्मक कदम उठाने की अपील की है।
पंजाब और हरियाणा में सर्दी का दौर जारी
पंजाब और हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर सर्दी का दौर जारी है और क्षेत्र में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला, नारनौल और करनाल भी ठंडे स्थान रहे जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.2 डिग्री, 3.2 और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । रोहतक और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री और 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 4.2 और 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पठानकोट, हलवारा, आदमपुर, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.5, 5.4, 3.3, 4.4, 5 और 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *