पाकिस्‍तान की लड़की बनी लखनऊ के लड़के की दुल्‍हन, नए जोड़े ने यूं अदा किया सुषमा स्‍वराज का शुक्रिया

भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज कभी भी लोगों की मदद करने से पीछे नहीं हटतीं। भले ही भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव चल रहा हो, लेकिन सुषमा ने कभी भी लोगों की मदद करने के मामले में इस तनाव को रोड़ा नहीं बनने दिया। उन्होंने हमेशा ही इस तल्खी को अनदेखा करके लोगों की मदद की। एक बार फिर विदेश मंत्री ने हर तरह की कड़वाहट को नजरअंदाज करते हुए पाकिस्तानी लड़की की मदद की। उन्होंने लखनऊ के लड़के और पाकिस्तान की लड़की की शादी में बहुत ही अहम भूमिका निभाई।

दरअसल लखनऊ निवासी 27 वर्षीय नकी अली खान और कराची की 24 वर्षीय सबाहत फातिमा का दो साल पहले निकाह होने वाला था, लेकिन सीमा पर जारी तनाव की वजह से फातिमा को वीजा नहीं मिल पा रहा था, जिसके बाद उसने पिछले साल जुलाई में ट्विटर के माध्यम से सुषमा स्वराज से मदद मांगी। फातिमा की दिक्कतों को देखते हुए विदेश मंत्री मदद के लिए आगे आईं और वीजा की समस्या का समाधान किया। पिछले शुक्रवार को नकी और फातिमा का निकाह संपन्न हुआ और शनिवार को रिसेप्शन का आयोजन किया गया।

नकी अली खान के भाई मुजफ्फर ने बताया, ‘हमारे परिवार एक-दूसरे को जानते हैं और संबंधित भी हैं, लेकिन विभाजन के वक्त हमारे परिवार अलग हो गए। दूल्हे की दादी और दुल्हन की नानी आपस में बहनें थीं और विभाजन के पहले तक साथ में लखनऊ में रहती थीं।’ बता दें कि निकाह के बाद अब नकी और फातिमा काफी खुश हैं और वे दोनों ही सुषमा स्वराज को तहे दिल से शुक्रिया कह रहे हैं। इस जोड़े का कहना है, ‘सुषमा स्वराज जी ने हमें बेहद ही खास गिफ्ट दिया, हम उनके बहुत आभारी हैं। हमें उम्मीद है कि भारत सरकार जल्द ही फातिमा को भारत की नागरिकता भी दे देगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *