तमिलनाडु के पुलिसवाले का फेसबुक प्यार निकला 22 वर्षीय लड़का, बदले मे कर दी उसकी अगवा कर हत्या

तमिलनाडु के विरुधुनगर के पुदुपट्टी में फेसबुक पर धोखाधड़ी का शिकार हुए एक पुलिसवाले ने अपने तीन साथियों की मदद से एक 22 वर्षीय लड़के की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय एस अय्यानर को पहले अगवा किया गया फिर मंगलवार (23 जनवरी) की रात  हत्या को अंजाम दिया गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक मृतक ने फेसबुक पर महिला के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। एन्नोर पुलिस का 32 वर्षीय सिपाही आरोपी कन्नन कुमार फेसबुक पर उसके संपर्क में आया था और दोनों में चैट होने लगी थी। चैट में लड़की के नाम से आते संदेशों ने कन्नन कुमार को उनकी लत लगा दी। वह मन ही मन प्यार की पेंग भरने लगा और उसका मन फेसबुक वाली लड़की से मिलने के लिए मचल उठा। पोंगल के समय कन्नन कुमार 10 दिन की छुट्टी लेकर अपने गृह नगर वातिराईरुप्पु इस उम्मीद में गया था कि वह फेसबुक वाली लड़की से मुलाकात करेगा। लेकिन जब उसे पता चला कि फेसबुक पर वह जिससे बात करता था, वह लड़की नहीं, लड़का है तो होश खो बैठा।

पुलिस के मुताबिक फर्जी प्रेम प्रसंग ने आरोपी के दिलो-दिमाग पर बुरा असर डाला और वह सदमे में चला गया। इस ऑनलाइन रिलेशनशिप में आरोपी से एक मोटी रकम भी ऐंठी गई थी। इस घटना ने आरोपी सिपाही को इतना आहत कर दिया कि उसने आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन वह बचा लिया गया। अपस्ताल में भर्ती कन्नन कुमार से जब उसके तीन साथी मिलने गए तो उसने उनके साथ मिलकर लड़के को जान से मारने की योजना बना डाली।

पुलिस ने आरोपी कन्नन कुमार के तीनों साथियों विजय कुमार, तेंजिंग और तमिलारासन को एस अय्यानर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए लोगों ने लड़के की हत्या का बात कबूली है। फरार चल रहे कन्नन को पकड़ने के लिए एक खोजी दल को जिम्मेदारी दी गई है। मृतक अय्यानर टीचर ट्रेनिंग कोर्स कर रहा था और उसने एक फर्जी पहचान वाली फेसबुक प्रोफाइल बना रखी थी। चेन्नई पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि कन्नन कुमार कुछ दिनों छुट्टी पर गया था। वह 12 दिसंबर से छुट्टी पर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *