India vs South Africa 3rd Test: खतरनाक पिच के चलते रुका खेल, चौथे दिन जारी रहेगा मैच

भारतीय क्रिकेट टीम ने वांडर्स स्टेडियम में जारी तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार (26 जनवरी) को मेजबान दक्षिण अफ्रीका के सामने 241 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में मेजबान टीम अपना पहला विकेट खो चुकी है। फिलहाल हाशिम अमला और डीन एल्गर क्रीज पर मौजूद हैं। तीसरे दिन का खेल पिच में अनियमित उछाल के चलते निर्धारित समय से पहले ही रोक दिया गया। हालांकि खेल चौथे दिन जारी रहेगा। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने 1 विकेट के नुकसान पर 17 रन बना लिए थे।

बता दें कि भारत ने अपनी दूसरी पारी में 247 रन बनाए। इस तरह उसे दूसरी पारी के आधार पर 240 रनों की बढ़त प्राप्त हुई। दूसरी पारी में भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने सबसे अधिक 48, कप्तान विराट कोहली ने 41, भुवनेश्वर कुमार ने 33, मुरली विजय ने 25 और मोहम्मद शमी ने 27 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगीसो रबाडा, वर्नोन फिलेंडर और मोर्ने मोर्कल ने तीन-तीन सफलता हासिल की जबकि लुंगी नगिड़ी को एक विकेट मिला। तीन मैचों की सीरीज में 0-2 से पीछे चल रहे भारत ने अपनी पहली पारी में 187 रन बनाए थे और फिर दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 194 रनों पर सीमित कर दी।

-मैच चौथे दिन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

-बुमराह की गेंद एलगर के हेलमेट से जाकर टकराई। इसके बाद अंपायर्स और मैच रैफरी के बीच काफी बातचीत हुई। फिलहाल दोनों कप्तान मैच रैफरी के कमरे में जा चुके हैं। जल्द अहम निर्णय लिया जा सकता है।

-साउथ अफ्रीका ने 1 विकेट के नुकसान पर 15 रन बना लिए हैं। डीन एल्गर 9, जबकि हाशिम अमला 2 रन बनाकर खेल रहे हैं। टीम को जीत के लिए 226 रन की दरकार है।

भारत को जल्द पहली सफलता मिल चुकी है। मार्करम, शमी की गेंद पर पार्थिव पटेल को अपना कैच थमा बैठे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हाशिम अमला आ चुके हैं। साउथ अफ्रीका- 5/1 (2)

-साउथ अफ्रीका की तरह से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज के रूप में मार्करम और एल्गर क्रीज पर आ चुके हैं। टीम को जीत के लिए ये चुनौतीपूर्ण स्कोर मिला है। भारत के पास मैच जीतने का मौका है।

टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 241 रन का लक्ष्य दिया है। आखिरी विकेट के रूप में बुमराह आउट हुए। टीम इंडिया ने एक बार फिर निचले क्रम के बल्लेबाजों के दम सम्मानजनक स्कोर बना दिया है।

भारत को नौवां झटका लग चुका है। टीम ने 240 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इशांत शर्मा और जसप्रीत बुमराह मौजूद हैं। भारत के पास 233 रन की लीड है। साउथ अफ्रीका मैच से अपना पकड़ गंवा चुका है।

-मोहम्मद शमी जबरदस्त बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं। 71.1 ओवर में शमी ने मैच का दूसरा छक्का लगाया। शमी 18 गेंदों में 23 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं भुवी 30 रन बना चुके हैं। भारत- 231/7 (72)

-मोहम्मद शमी ने मैच का पहला छक्का 69.1 ओवर में मोर्ने मोर्कल की गेंद पर जड़ा। ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ी खड़े होकर तालियां बजाते दिख रहे हैं। भारत 7 विकेट के नुकसान पर 213 रन बना चुका है।

अजिंक्य रहाणे अपने अर्धशतक से चूक गए हैं। इसी के साथ टीम इंडिया को सातवां झटका लगा। मोर्ने मोर्कल को दूसरी सफलता मिल चुकी है। भारत के पास फिलहाल 196 रन की लीड है। भारत- 203/7 (68)

-आखिरी सत्र की शुरुआत हो चुकी है। भुवनेश्वर कुमार और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर उतर चुके हैं। भारत मेजबान टीम से 192 रन आगे है। साउथ अफ्रीका तीसरे दिन भारत को ऑलआउट करने की कोशिश करेगी। भारत- 200/6 (65.2)

-दूसरे सेशन की समाप्ति हो चुकी है। भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 199 रन बना लिए हैं। ये सत्र भारत के नाम रहा है, जिसमें 24.1 ओवर में 99 रन बने हैं। भारत ने मैच में वापसी कर ली है।

दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। इस मैदान पर तीसरे दिन का औसत स्कोर 237/8 है। भारत 3.06 के रन रेट से बल्लेबाजी कर रहा है। अजिंक्य रहाणे 45, जबकि भुवनेश्वर कुमार 23 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत- 198/6 (64.3)

-क्रीज पर भुवनेश्वर कुमार आ चुके हैं। भुवी ने पहली पारी में 30 रन बनाए थे। भारत फिलहाल 156 रन की बढ़त बना चुका है। टीम इंडिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बना लिए हैं।

साउथ अफ्रीका को छठी सफलता मिल चुकी है। हार्दिक पांड्या, कगीसो रबाडा की गेंद पर 4 रन बना आउट हो चुके हैं। भारत की स्थिति बेहद खराब हो गई है। भारत- 149/6 (54)

भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। विराट कोहली 41 रन पर कगीसो रबाडा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया पर दबाव बना लिया है। भारत- 134/5 (49.4)

-भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली अपने अर्धशतक से महज 11 रन दूर हैं। वहीं दूसरे छोर पर अजिंक्य रहाणे 6 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय टीम के पास फिलहाल 111 रन की लीड है। भारत- 122/4 (45)

-दूसरे सेशन की शुरुआत हो चुकी है। भारत की ओर से छठे स्थान पर अजिंक्य रहाणे आ चुके हैं। टीम इंडिया को इस सेशन 125-150 रन बनाने होंगे। मैच में संभावनाएं बनाए रखने के लिए भारत को 250-300 रन की लीड लेनी होगी।

भारत ने मुरली विजय के रूप में अपना चौथा विकेट खो दिया है। विजय 25 रन बनाकर कगीसो रबाडा की गेंद पर बोल्ड हो गए। भारत की स्थिति एक बार फिर खराब हो गई है। इसी के साथ पहले सेशन की समाप्ति। भारत- 100/4 (40.5)

-मुरली विजय और विराट कोहली काफी संभलकर खेलते दिख रहे हैं। भारत ने 70 रन की बढ़त बना ली है। मुरली विजय 98 गेंदों में 20, जबकि कोहली 25 गेंदों में 13 रन बना चुके हैं। भारत- 77/3 (32)

-टीम इंडिया तीसरे दिन जल्द अपने दो विकेट गंवाने के बाद बेहद दबाव में है। अब काफी हद तक दारोमदार कप्तान विराट कोहली पर आ चुका है। भारत ने 57 रन की लीड बना ली है। भारत- 64/3 (27)

-भारत ने अपना तीसरा विकेट गंवा दिया है। चेतेश्वर पुजारा मोर्ने मोर्कल की गेंद पर आउट। पुजारा टीम के स्कोर में महज 1 रन का ही योगदान दे सके। क्रीज पर कप्तान कोहली आ चुके हैं। भारत- 57/3 (22)

भारत को तीसरे दिन जल्द दूसरा झटका लग चुका है। लोकेश राहुल महज 16 रन के स्कोर पर फिलेंडर की गेंद पर डू प्लेसिस को अपना कैच थमा बैठे। भारत ने 51 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *