Video: 18 हजार फुट की ऊंचाई पर शून्य से 30 डिग्री नीचे का तापमान मे भी भारतीय जवानों ने ऐसे फहराया तिरंगा

भारत के 69वें गणतंत्र दिवस पर देश भर से कई रोमांचित करने वाली तस्वीरें आईं, लेकिन एक वीडियो ऐसा आया जिसे देखते ही भारतीयों का बदन सिर उठे, सीना चौड़ा हो जाए और सिर गर्व से ऊंचा हो जाए। हिमालय में 18 हजार फुट की ऊंचाई पर बर्फीली वादियों में शून्य से 30 डिग्री नीचे का तापमान भी भारतीय जवानों का हौसला नहीं डिगा सका। इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने शुक्रवार (26 जनवरी) को हड्डियां गलाने वाली ठंड में तिरंगा फहराया। आईटीबीपी के हिमवीरों का तिरंगा हाथों में लेकर गश्ती करने वाला एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया गया है। महज 25 सेकेंड का यह वीडियो आपको अपने में समेट लेता है और आप सोचने लगते हैं कि इतनी ठंड में हमारे जवान किस तरह से देश की सरहद की रखवाली करते हैं। आईटीबीपी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है- ”हिमाद्रि तुंग श्रृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती… 2018 के गणतंत्र दिवस पर हिमालय में 18 हजार फुट की ऊंचाई पर माइनस 30 डिग्री तापमान में आईटीबीपी के हिमवीर राष्ट्रीय ध्वज के साथ।”

 

वीडियो में चारों तरफ बर्फ ही बर्फ दिखाई देती है, भारतीय जवाब पंक्तिबद्ध होकर बंदूक और तिरंगा लिए दुर्गम बर्फीले रास्ते पर आगे बढ़ते जाते हैं। यह दृश्य गौरवान्वित करने के साथ साथ रोमांचित करने वाला भी है।

बता दें कि इस बार का गणतंत्र दिवस देश के लिए इस मायने में भी खास रहा क्यों कि पहली बार राजधानी दिल्ली की राजपथ की परेड में आसियान देशों के 10 राष्ट्राध्यक्षों ने बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। भारी तादात में लोग राजपथ की परेड को देखने के लिए पहुंचे थे। देश की ताकत और सांस्कृतिक विरासत का नजारा पेश करती झाकियां निकाली गईं। वीरता पुरस्कार बांटे गए।
इस बार पहली बार बीएसएफ की महिलाओं ने राजपथ पर बाइक स्टंट किया, जिसे देख लोग दंग रह गए। वहीं प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की झांकी भी पहली बार राजपथ से गुजरी। समारोह की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तिरंगा फहराकर की, इसी के साथ राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी की गूंज से पूरा राजपथ गूंज उठा। देश भर में लोग देशभक्ति रंग में रंगे नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *