समर्थकों संग संसद की ओर बढ़ रहे थे AAP नेता और कार्यकर्ता, पुलिस ने यूं बरसाईं लाठियां

दिल्ली में हो रही सीलिंग को आम आदमी पार्टी ने बड़ा मुद्दा बना लिया है। यही वजह है कि सोमवार को पार्टी के सांसदों ने जहां संजय सिंह के नेतृत्व में संसद परिसर में इसके खिलाफ प्रदर्शन किया वहीं पार्टी के अन्य नेताओं ने संसद मार्च कर विरोध जताया। जबरन संसद भवन की तरफ कूच करने पर दिल्ली पुलिस ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आईं। पिटाई से रोते हुए एक महिला कार्यकर्ता कैमरे में कैद हुईं।

संसद मार्ग की तरह जाने की अनुमति नहीं थी। बावजूद इसके आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष के नेतृत्व में पार्टी के विधायक और सैकडों की संख्या में कार्यकर्ता संसद की तरफ कूच कर दिए। इसमें पार्टी के पार्षद भी शामिल रहे। दिल्ली में सीलिंग रोकने के लिए केंद्र सरकार से अध्यादेश लाने की मांग कर रहे रहे थे। जब पुलिस का घेरा तोड़कर पार्टी का जत्था संसद की ओर बढ़ने लगा तो दिल्ली पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू की। इसके बाद आफ नेताओं और कार्यकर्ताओं को संसद मार्ग थाने में हिरासत में रखा गया।

दरअसल दिल्ली में बीजेपी शासित एमसीडी की ओर से सीलिंग की जा रही है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि नोटबंदी और जीएसटी के बाद सीलिंग से दिल्ली में छोटे व्यापारियों की कमर टूट रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि 2006 से व्यापारियों का उत्पीड़न चल रहा है। सीलिंग रोकने के नाम पर व्यापारियों से हजारों करोड़ रुपये वसूले गए और बड़ा गड़बड़झाला किया गया। व्यापारियों से जुड़े इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी पूरी तरह हमलावर है। वजह कि सीलिंग का जितना विरोध होगा, व्यापारियों से पार्टी का संबंध उतना ही घनिष्ठ होगा। हालांकि भाजपा भी इस चीज को बखूबी समझती है, यही वजह कि दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी बयान जारी कर सीलिंग का विरोध किया है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली के व्यापारियों के साथ बीजेपी शासित एमसीडी धोखा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *