किसान मुद्दे पर यशवंत सिन्हा के साथ आए शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- सदियों से अन्याय झेल रहे हैं किसान

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में किसानों की मांगों के समर्थन में धरना दे रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा के साथ आज धरने में असंतुष्ट भाजपा नेता एवं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल हुए। भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा जबलपुर पहुंचे। डुमना विमानतल पर उन्होंने कहा, ‘‘वह छोटे भाई की हैसियत से यशवंत सिन्हा को समर्थन देने आए हैं। किसानों की जिन मांगों को लेकर सिन्हा आंदोलन का रुख अख्तियार कर चुके है, उसका वह समर्थन करते हैं।’’

शत्रुघ्न ने कहा कि किसानों के साथ सदियों से अन्याय हो रहा है। एनटीपीसी के खिलाफ किसान जिन मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, उस मुद्दे पर प्रदेश सरकार को हल निकालना चाहिए। जब उनसे बाबुल सुप्रियो के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गयी तो उन्होंने कहा, ‘‘कौन बाबुल सुप्रियो।’’ मालूम हो कि राजस्थान में भाजपा द्वारा उपचुनाव में तीनों सीटें हारने पर शत्रुघ्न के बयान पर बाबुल ने बयान दिया था कि उन्हें (शत्रुघ्न) पार्टी को तीन तलाक दे देना चाहिये।

इससे पहले मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में किसानों की मांगों के समर्थन में पिछले चार दिनों से धरने पर बैठे भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा को प्रदेश की आम आदमी पार्टी ने आज अपना समर्थन दिया है। यशवंत सिन्हा द्वारा एक माह पहले गठित राष्ट्र मंच में शत्रुघ्न सिन्हा शामिल हो चुके हैं। आप के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने नरसिंहपुर से फोन पर ‘भाषा’ को बताया, ‘‘हमारी पार्टी ने भी मध्यप्रदेश सरकार की किसानों के प्रति गलत नीतियों के चलते आज निकाली गयी सांकेतिक अंतिम यात्रा में भाग लिया है। मैं यहां यशवंत सिन्हा के साथ धरने पर बैठा हूं।’’ आम आदमी पार्टी के नेता अग्रवाल ने बताया कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिंह द्वारा गठित राष्ट्र मंच ने नरसिंहपुर कलेक्टर कार्यालय के बाहर एक फरवरी से धरना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *