यूथ कांग्रेस चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाते दिखे अजय माकन, बातचीत का टेप आया सामने

दिल्ली यूथ कांग्रेस के चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले अजय माकन पर कार्यकर्ताओं को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगा है। माकन का यूथ कांग्रेस के ही एक कार्यकर्ता ने स्टिंग किया है, जिसमें वह अपने पसंद के उम्मीदवार का साथ देने का दबाव डाल रहे हैँ। शहजाद पूनावाला ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘अजय माकन ने अपने उम्मीदवार के लिए दिल्ली यूथ कांग्रेस के चुनाव को गलत तरीके से प्रभावित किया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में आंतरिक चुनावों में इस तरह की गतिविधि बेहद आम हो गई है। सेलेक्टेड शहजादा जिसका खुद का चुनाव फिक्स था और जिसे मैंने एक्सपोज किया था। अब आधिकारिक तौर पर शिकायत भी दर्ज कराई है।’ पूनावाला ने कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव पर भी कड़ी आपत्ति जताई थी। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता रवि और दिल्ली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन के बीच बातचीत का ब्यौरा-

रवि: नमस्ते सर।
अजय माकन: नमस्ते, क्या हाल है, कैसे हो?
रवि: सर, आशीर्वाद है।
अजय माकन: …तो क्या हाल है इलेक्शन का…आपके तरफ कब है?
रवि: कल (बुधवार) है सर। आज (मंगलवार) पटपड़गंज में था।
अजय माकन: अच्छा, अच्छा आज पटपड़गंज में है। तुम तो (अजय) चिकारा का समर्थन कर रहे होगे। वह एनएसयूआई का तुम्हारा सहयोगी रहा है। मेरी समझ में तुम उसका समर्थन कर रहे होगे।
रवि: नहीं, नहीं सर…
अजय माकन: वैसे भी एनएसयूआई का हिस्सा रहे लोगों को एक-दूसरे की मदद करनी ही चाहिए। लेकिन, मेरा आदमी विकास है।
रवि: नहीं सर। कई लोगों ने वोट के लिए गुट बना लिए हैं…वे सब अप्रोच कर रहे हैँ।
अजय माकन: हां, मुझे मालूम है कि सभी लोग अप्रोच कर रहे होंगे, लेकिन मुझे हक है आपसे कुछ कहने का।
रवि: अच्छा सर।
अजय माकन: ठीक है? उन सबसे कहो कि वे विकास के लिए इसे अच्छी तरह से करें।
रवि: ठीक है सर। लेकिन, वह (विकास) अभी तक एक बार भी आया नहीं है।
अजय माकन: अब मैं कह रहा हूं ना! वह आता है या नहीं इसका कोई मतलब नहीं है।
रवि: चलो ठीक है सर।
अजय माकन: हां। जब मैंने कुछ कहा है तो उसे थोड़ा महत्व दो। मैं ऐसे तो कुछ नहीं कहता।
रवि: ठीक है सर।
अजय माकन: जब मैंने कहा है तो वह (विकास) भी आएगा। एक बार यदि मैंने कह दिया तो अब उसकी जिम्मेवारी मेरी है।
रवि: ठीक है सर।
अजय माकन: तुम्हारी राजनीतिक चिंताओं का हमने हमेशा खयाल रखा है, फिर वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी का हो या कुछ और हो…हमने हमेशा किया ही है। भविष्य में भी उसका खयाल रखा जाएगा।
रवि: ठीक है सर।
अजय माकन: ठीक है।
रवि: ठीक है सर।
अजय माकन: …और तुम मुझसे मिलना जरूर…ठीक है।
रवि: ठीक है जी।
अजय माकन: सतीश भी मेरे साथ है। सचिन सॉरी, सचिन बसोया। मैंने उसको कहा है कि वह तुमसे बात करे।
रवि: ठीक है सर।
अजय माकन: तुम दोनों साथ मिलकर काम करो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *