दिल्ली का दीन दयाल उपाध्याय मार्ग बनने जा रहा सियासत का नया केंद्र

अजय पांडेय
आइटीओ चौराहे को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन व कनॉट प्लेस से जोड़ने वाला दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग अब राजधानी में सियासत का नया गलियारा बनने जा रहा है। देश की हुकूमत तो नई दिल्ली के लुटियन जोन से ही चलेगी। लेकिन देश चलाने वाले सियासी दलों ने इस वीवीआइपी जोन को खाली करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस व भाजपा सरीखी राजनीतिक पार्टियों के राष्ट्रीय मुख्यालय का पता बदलने जा रहा है। करीब आधा दर्जन प्रमुख सियासी दलों के दफ्तर डीडीयू मार्ग पर आ गए हैं। इस सड़क पर बने भाजपा के भव्य नए दफ्तर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इसी माह करेंगे। कांग्रेस मुख्यालय का उद्घाटन इस साल के अंत तक होने के आसार हैं।

आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने वर्षों पहले तमाम राजनीतिक दलों को अपने दफ्तर लुटियन जोन से हटाने का आदेश दिया था। उसके बाद ही केंद्र ने भाजपा को 6, डीडीयू मार्ग और कांग्रेस को 9 ए, डीडीयू मार्ग पर दफ्तर बनाने के लिए जमीन आबंटित कर दी। दिल्ली में हुकूमत चला रही आम आदमी पार्टी का दफ्तर भी इसी सड़क पर स्थित है जबकि लालू प्रसाद की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का कार्यालय भी इसी सड़क पर है। कुछ ही दूरी पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआइ) का भी मुख्यालय अजय भवन है। जाहिर है कि यह पूरा इलाका आने वाले दिनों में सियासी गतिविधियों का केंद्र बनने वाला है।

डीडीयू मार्ग पर भाजपा मुख्यालय का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह व पार्टी के तमाम अन्य बड़े नेताओं की मौजूदगी में अगस्त, 2016 में हुआ था। पार्टी मुख्यालय की यह भव्य इमारत अब बनकर तैयार हो गई है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि नए मुख्यालय के उद्घाटन के लिए 18 फरवरी व तीन मार्च दो संभावित तारीखें तय हैं। वरिष्ठ नेताओं की उपलब्धता के आधार पर उद्घाटन समारोह होगा। भाजपा मुख्यालय अब तक 11 अशोक रोड से संचालित हो रहा है। नई इमारत के उद्घाटन के साथ ही पार्टी के केंद्रीय कार्यालय को यहां पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा और अशोक रोड वाला भवन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि भाजपा के नए मुख्यालय में तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

डीडीयू मार्ग पर कांग्रेस के नए मुख्यालय की इमारत को बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। लेकिन पार्टी नेताओं का यह मानना है कि इसको पूरी तरह तैयार होने में अभी कुछ महीने और लगेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत तक 24 अकबर रोड से कांग्रेस मुख्यालय 9 ए डीडीयू मार्ग पर आ जाएगा। यहां पर छह मंजिला इमारत बनाई जाएगी। इसमें पूरा एक तल कांग्रेस अध्यक्ष के दफ्तर के लिए सुरक्षित रहेगा जबकि युवा कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआइ सहित पार्टी के अन्य संगठनों के दफ्तर भी मुख्यालय में ही आ जाएंगे।

इसी रोड पर सामने ही प्रदेश कांग्रेस का कार्यालय राजीव भवन भी स्थित है। इस नए भवन में अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है और एक आॅडिटोरियम भी बनाया जा रहा है। मीडिया के लिए भी नए भवन में अलग से हॉल बनाया जा रहा है। जाहिर है, डीडीयू मार्ग आने वाले दिनों में दिल्ली के व्यस्ततम रास्तों में शुमार होगा, क्योंकि कांग्रेस और भाजपा सहित कई राजनीतिक दलों के दफ्तर होने के साथ-साथ इसी रोड पर पटियाला हाउस कोर्ट की नई इमारत भी तैयार हो रही है। जाहिर है कि अपेक्षाकृत कम चहल-पहल वाले इस इलाके में अब भीड़ बढ़ने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *