सचिन तेंदुलकर की बेटी के नाम भद्दे कमेंट्स करने वाले मुंबई के सॉफ्टवेयर इंजीनियर को पुलिस ने गिरफ़्त मे लिया

मुंबई पुलिस ने सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर के नाम से फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। इस शातिर शख्स ने सारा तेंदुलकर के नाम से ट्विटर अकाउंट बनाकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी। मुंबई के साइबर पुलिस स्टेशन ने इस केस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर नितिन आत्माराम सिसोदे (39) को अंधेरी के लोकसरिता अपार्टमेंट से अरेस्ट किया। बता दें कि कुछ ही दिन पहले सारा तेंदुलकर को धमकी देने और किडनैप करने के मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल से एक शख्स को गिरफ्तार किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक नितिन ने सारा की एक तस्वीर गूगल ने डाउनलोड की, इसके बाद उसने एक ट्विटर अकाउंट बनाया। इस अकाउंट से 9 अक्टूबर 2017 को शरद पवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस दौरान सचिन की बेटी सारा पढ़ाई के सिलसिले में लंदन में थी। इस केस की शिकायत सचिन तेंदुलकर की ओर से साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। मुंबई पुलिस उसी समय से इस शख्स की तलाश थी।

मुंबई पुलिस के साइबर एक्सपर्ट लंबे समय से इस ट्विटर अकाउंट की गतिविधियों पर निगाह रखे हुए थे। आखिरकार पुलिस ने ट्विटर अकाउंट चलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबर का IMEI नंबर पता कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आईपी एड्रेस ढूंढ़ा और इसी की मदद से नितिन के घर तक पहुंच गई। इस मामले में नितिन को बुधवार (7 फरवरी) को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने नितिन को 3 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। नितिन के वकील ने उस पर लगे आरोप को बेबुनियाद बताया है।

बता दें कि इसी साल मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बेटी को किडनैप करने की धमकी देने वाले एक शख्स को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक देवकुमार मैती नाम का यह शख्स सारा को धमकी दे रहा था कि अगर सारा ने उससे शादी नहीं की तो वह उसे अगवा कर लेगा। सचिन ने इसकी शिकायत मुंबई पुलिस में थी की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया। पेशे से आर्टिस्ट यह शख्स सारा से मोहब्बत करने का दावा करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *