जींद रैली: नई बुलेट पर हेल्मेट पहने, हाथों में भाजपा का झंडा थामे दिखे अमित शाह, 50 लाख की बाइक से पहुंचे दूसरे नेता

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह 2019 का आगाज हरियाणा के जींद में हुंकार रैली से करने जा रहे हैं। इससे पहले वो नई रॉयल एनफिल्ड बुलेट पर हेल्मेट पहने और हाथों में पार्टी का झंडा थामे नजर आए। हेलीपैड से रैली स्थल तक जाने के लिए उनके लिए नई तीन रॉयल एनफिल्ड बुलेट मंगवाई गई थी। इनमें से एक पर अमित शाह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला तो दूसरी बाइक पर सीएम मनोहर लाल खट्टर और संगठन मंत्री रामलाल नजर आए। तीसरी बाइक पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव और प्रदेश प्रभारी अनिल जैन सवार थे। इनके साथ सुरक्षाकर्मी पैदल चल रहे थे। भाजपा ने दावा किया है कि उसकी बाइक रैली में करीब एक लाख बाइक शामिल होंगी। भाजपा ने इसे युवा हुंकार रैली का नाम दिया है।

रैली पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की भी नजर है। आज (15 फरवरी) ही एनजीटी में इस पर सुनवाई भी होनी है। बाइक रैली के विरोध में एनजीटी में अपील दायर कर कहा गया था कि इससे वहां प्रदूषण फैलेगा। एनजीटी ने अपने पहले के आदेश में कहा था कि यह सुनिश्चित किया जाए कि रैली स्थल पर बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र वाला कोई भी बाइक न पहुंचे। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को रैली में शामिल होने वाली सभी बाइक का प्रदूषण प्रमाण पत्र जांचने को कहा गया है।

भाजपा अध्यक्ष की इस रैली का जाटों ने अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले विरोध किया था और रैली के समानांतर ट्रैक्टर रैली निकालने का आह्वान किया था लेकिन भाजपा ने उनकी मांगे मानकर उन्हें शांत करा दिया है। अब कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) शाह की रैली का वोरिध कर रहे हैं। आशंका है कि ये लोग अमित शाह को काले झंडे दिखा सकते हैं। भाजपा में भी इस रैली को लेकर आक्रोश है। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी जाटों की मांगें मानने से नाराज हैं। उन्होंने रैली में शामिल नहीं होने का एलान किया है जबकि रोहतक के भाजपा नेता राजकवल सहगल 50 लाख रुपये कीमत वाली बाइक से रैली में शामिल होंगे। झड्डर के भी एक नेता योगेश सिलानी 14 लाख रुपये कीमत वाली हार्ले डेविडशन बाइक से रैली में पहुंचेंगे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल बिज भी हार्ले डेविडशन बाइक से रैली में पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *