रिश्तों को किया कलंकित: एक दादा पर अपनी 14 साल की पोती से बलात्कार का लगा संगीन आरोप

बिहार की यह घटना आपको झकझोर कर रख देगी। रिश्तों को कलंकित करने की हद पार हो गई। दादा पर पोती से बलात्कार का संगीन आरोप लगा, इस घटना में बीच की भूमिका खुद लड़की की मां ने निभाई। आरोप है कि उसने खुद बेटी को दादा के बिस्तर पर पहुंचाया। दादा सात साल की उम्र से पोती का बलात्कार करता रहा। लड़की की दास्तां सुनकर स्कूल प्रिंसिपल ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद आरोपी दादा और मां की गिरफ्तारी हुई है।

घटना पटना के रामकृष्णनगर थाना क्षेत्र की है। 14 साल की प्रिया पटना के नामी स्कूल की छात्रा है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने दादा और मां को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में लड़की की ओर से दिए बयान के मुताबिक उसकी मां के दादा से शारीरिक संबंध हो गए। पता चलने पर दादी ने आत्महत्या कर ली, वहीं पिता परेशान होकर घर छोड़ दिए। सात साल की उम्र में दादा ने मां की मदद से उससे भी संबंध बनाने शुरू किए। विरोध करने पर मां धमकी देकर कहती थीं कि अगर अच्छा खाना-पीना है और पढ़ाई करनी है तो दादा जो करें, उसे चुपचाप सहना होगा। लड़की ने एक साल पहले भी स्कूल प्रिंसिपल से अपने साथ हो रहे जुल्मोसितम बताने की कोशिश की थी, मगर तब स्पष्ट बात न कहने के चलते प्रिंसिपल समझ नहीं पाईं।

हाल में लड़की काफी गुमसुम रहने लगी, स्वभाव में चिड़चिड़ापन आने लगा, तब जब प्रधानाचार्य ने माजरा पूछा तो लड़की ने सारा हाल कह सुनाया। स्कूल प्रशासन के मुताबिक लड़की के अंदर इस कदर डर बैठ गया था कि वह छुट्टी होने पर स्कूल से घर जाने में भी कतराती थी। स्कूल प्रशासन की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी( पूर्वी) विशाल शर्मा ने लड़की से पूछताछ की तो उसने अपने साथ घटी पूरी कहानी बताई। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर शुक्रवार को दादा और मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सिटी एसपी विशाल शर्मा ने बताया कि लड़की को उसकी छोटी बहन और दो भाइयों के साथ पटना सिटी स्थित रिमांड होम में रखा गया है। स्कूल प्रबंधन ने लड़की की पढ़ाई की जिम्मेवारी ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *