मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा की हिंदुओं से अपील: आप ज्यादा बच्चे पैदा करो, मैं पाल लूंगी

मालेगांव ब्लास्ट की मुख्य आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने हिंदुओं से अपील की है कि वह देशहित में ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करें। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर आप लोग ज्यादा कुछ नहीं कर सकते तो बस बच्चे पैदा करो, उन्हें हम पाल लेंगे। साध्वी प्रज्ञा ने ये बातें महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक कार्यक्रम में कहीं। साध्वी ने कहा कि, ‘ये भगवा आपको आह्वाहन कर रहा है कि ये देश की आवश्यकता है संतान ज्यादा पैदा करो। ये मेरे कहने का विषय नहीं आपके विचार करने का विषय है। अगर एक प्रज्ञा सिंह को षड्यंत्र कर जेल में डाल कर उसे मार दिया जाएगा तो भी फर्क नहीं पड़ेगा अगर आप लोग कई प्रज्ञा सिंह खड़ी कर दो तो। मेरा आप लोगों से आग्रह है कि प्रज्ञा सिंह खड़ी करिए, शिवाजी महाराज खड़ा करिए या विवेकानंद खड़ा करिए, लेकिन कुछ तो करिए, कुछ तो संतान पैदा करिए। हम आपसे कहते हैं कि आप राष्ट्रभक्ति कीजिए लेकिन जब देश के लिए संतान की जरूरत हो तो संतान भी दीजिए। अगर आप लोग कुछ नहीं कर सकते तो बस इतना कर दीजिए कि बच्चे पैदा कर दीजिए उन्हें पाल हम लेंगे।’

गौरतलब है कि 29 सितंबर 2008 को मालेगांव में एक बाइक में बम लगाकर विस्फोट किया गया था, जिसमें आठ लोगों की मौत हुई थी और तकरीबन 80 लोग जख्मी हो गए थे। साध्वी प्रज्ञा को 2008 में गिरफ्तार किया गया था। करीब 9 साल जेल में रहने के बाद पिछले साल अप्रैल में उन्हें बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिली थी।

इस दौरान उन्होंने अपने जेल भेजे जाने के लिए यूपीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पूर्व गृह और वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का नाम लेकर कहा था कि कांग्रेस सरकार ने षड्यंत्र के तहत उन्हें फंसाया। साध्वी ने खराब सेहत के लिए एटीएस मुंबई की प्रताड़ना को जिम्मेदार बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *