Ludhiana Municipal Corporation Polls: अकाली विधायक ने कांग्रेस पर लगाया ‘फर्जी’ पोलिंग एजेंट उतारने का आरोप

पंजाब के लुधिनाया में आज (24 फरवरी) सुबह नगर निगम चुनाव हो रहा है। यह राज्य की सबसे बड़ी नगरपालिका निकाय मानी जाती है। शनिवार को शहर में बारिश के बीच लोग पोलिंग बूथ्स पर मतदान करने पहुंचे। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि मतदान ठीक आठ बजे शुरू हो गया था, जो शाम चार बजे तक चलेगा। 95 वॉर्डों पर कुल 494 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। चुनाव के नतीजे 27 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। लुधियाना नगर निगम चुनाव में मुख्य कांटे की टक्कर सत्तारूढ़ दल कांग्रेस, शिरोमणी अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी (एसएडी-बीजेपी) के गठबंधन और आम आमदी पार्टी-लोक इंसाफ पार्टी (आप-एलआईपी) के गठबंधन के बीच है। लुधियाना में कुल 10.5 लाख मतदाता हैं, जिनके लिए लगभग 1,153 पोलिंग स्टेशन का बंदोबस्त किया गया है।

नगर निगम चुनावों में जलापूर्ति, साफ-सफाई, बढ़ता प्रदूषण, खस्ताहाल सड़क और बदहाल सीवेज व्यवस्था जैसे मुद्दे अहम माने जा रहे हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव के मद्देनजर लुधियाना में शनिवार सुबह से ही सुरक्षा के कड़े इंतजामात किए गए हैं।

लुधियाना में सुबह मतदान के बीच वॉर्ड संख्या 44 में विवाद देखने को मिला। यहां एसएडी से विधायक मीतपाल डुगरी और एलआईपी के उम्मीदवार जय किशन मित्तल ने कांग्रेस पार्टी के विधायक कुलदीव वैद पर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने वैद को पोलिंग बूथ के अंदर जाने दिया, जहां पर कांग्रेस विधायक ने मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रभावित किया था। बता दें कि वैद वॉर्ड संख्या 44 से उम्मीदवार हैं और वह हरकरण के पुत्र हैं।

उधर, वॉर्ड संख्या तीन में भी फर्जी मतदान की शिकायत की गई। यहां पर रंजीत ढिल्लन ने दावा किया कि कांग्रेस की ओर से फर्जी पोलिंग एजेंट ने मतदान के बीच गड़बड़ी की। ढिल्लन की पत्नी भी नगर निगम चुनाव में इसी वॉर्ड से उम्मीदवार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *