देखें श्री देवी के आखिरी जन्मदिन का वीडियो के साथ साथ कुछ अन्य वीडियो, देखिए क्या हुआ था

एक अर्से तक फैन्स के लिए खूबसूरती का दूसरा नाम रहीं श्रीदेवी के निधन के बाद उनके आखिरी जन्मदिन का वीडियो सोशल मीडिया पर देखा जा रहा है। 54वें जन्मदिन पर सेलिब्रेशन के बाद जब श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और बच्चों के साथ घर के लिए निकलीं तो फोटो पत्रकारों से घिर गईं। इस दौरान श्रीदेवी काफी खुश नजर आ रही थीं, लेकिन कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि श्रीदेवी ने शराब का सेवन कर रखा था। वीडियो में बोनी कपूर श्रीदेवी का हाथ पकड़कर उन्हें गाड़ी में बैठाते दिखते हैं। करीब सवा दो मिनट के वीडियो में सबसे पहले श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर दिखाई देती हैं, वह बेहद खूबसूरत दिख रही हैं। इसके बाद बोनी कपूर श्रीदेवी और अपनी एक और बेटी खुशी को लेकर बाहर निकलते हैं। फोटो पत्रकारों को देख पहले तो सभी दो कदम पीछे हटते हैं, लेकिन फिर वे संभलते हुए आगे बढ़ते हुए दिखाई देते हैं।

इस दौरान श्रीदेवी फोटो खींच रहे लोगों को फ्लाइंग किस भी देती दिखाई देती हैं और वह आंखों पर उंगलियों को चश्मे नुमा रखकर कुछ इशारा करती हैं। वह मजाक के मूड में दिखाई देती हैं। श्रीदेवी के ऐसा करने पर बोनी कपूर और बेटी जाह्नवी कपूर भी मुस्करा उठते हैं। बोनी कपूर जब श्रीदेवी का हाथ पकड़कर उन्हें कार तक ले जा रहे होते हैं उस दौरान उनकी बेटी खुशी भी श्रीदेवी को सहारा देती हुई दिखती हैं। फिर आगे बढ़कर जाह्नवी गाड़ी का दरवाजा खोलती हैं और श्रीदेवी उसमें बैठ जाती हैं। श्रीदेवी के साथ उनकी दोनों बेटियां कार में पीछे की सीट पर उन्हीं के साथ बैठ जाती हैं, बोनी कपूर आगे की सीट पर बैठते हैं और कार निकल जाती है।

श्रीदेवी के जन्मदिन के एक और वीडियो में वह और उनके पति एक-दूसरे किस करते हुए दिखाई देते हैं। पहले बोनी कपूर प्यार से श्रीदेवी के गाल पर किस करते हैं फिर श्रीदेवी बोनी कपूर के गाल पर किस करती हैं। वीडियो में देनों ही बहुत खुश दिखाई देते हैं। वीडियो में श्रीदेवी के साथ अभिनेत्री रानी मुखर्जी भी दिखाई देती हैं।

एक और वीडियो में श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर बड़े ही दिलकश अंदाज में उनके बर्थडे सेलीब्रेशन में शामिल होने के लिए जाते हुए दिखती हैं। बता दें कि श्रीदेवी ने अपने फिल्मी करियर में तकरीबन 200 फिल्में कीं। इनमें 63 हिन्दी, 62 तेलुगू, 58 तमिल और 21 मलयालम फिल्में शामिल हैं। हिन्दी में चांदनी, चालबाज, सदमा, हिम्मतवाला, मिस्टर इंडिया जैसी फिल्म में श्रीदेवी को दमदार अभिनय के लिए याद किया जाता है। वह महिला कलाकारों में सुपरस्टार मानी जाती थीं।

शादी के बाद श्रीदेवी ने फिल्मों से लंबा ब्रेक लिया था, 2012 में उन्होंने फिल्म ‘इंग्लिश-विंग्लिश’ से फिल्मों वापसी की, उनकी आखिरी फिल्म ‘मॉम’ थी। वह अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई थीं, जहां शनिवार (24 फरवरी) की रात दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनके दुनिया से रुख्सत होने पर बॉलीवुड समेत दुनिया भर में उनके फैंन्स के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *