“सफेद रंग में अंतिम विदाई” चाहती थीं श्रीदेवी, जानिए कब, क्‍यों और किससे जताई थी ये ख्‍वाहिश

बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा श्रीदेवी का अंतिम संस्‍कार 27 फरवरी (मंगलवार) को होने की उम्‍मीद है। अभी उनके पार्थिव शरीर के मुंबई आने का इंतजार हो रहा है। बताया जाता है कि श्रीदेवी चाहती थीं कि उनके अंतिम संस्‍कार में सब कुछ सफेद हो। इसलिए मुंबई स्‍थित उस बंगले पर भी सफेद चादरें लगाई जा रही हैं, जहां श्रीदेवी का शव दुबई से आने के बाद अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। श्रीदेवी 54 साल की थीं। वह किसी तरह की बीमारी से भी पीड़ित नहीं थीं। फिर अंतिम संस्‍कार को लेकर ख्‍वाहिश जताने की बात कहां से आई? इस बारे में मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि श्रीदेवी ने फिल्म लम्हे के दौरान यह इच्छा जाहिर की थी। यश चोपड़ा की फिल्म लम्हे में उनके किरदार की मौत हो जाती है। उसी दौरान श्रीदेवी ने अपने को-एक्टर्स के सामने कहा था कि सफेद रंग मुझे बहुत पसंद है और मैं चाहती हूं कि जब मेरी मौत हो और मेरी अंतिम यात्रा निकले तब वहां सब कुछ सफेद हो। इसी को देखते हुए उनके बंगले भाग्य को पूरी तरह से सफेद रंग में रंग दिया गया है। इस बंगले में श्रीदेवी के शव को कुछ देर के लिए रखा जाएगा और इसीलिए इसे सफेद रंग के फूलों और पर्दों से बंगले को ढंका गया है।

श्रीदेवी को जिस ट्रक से अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जाएगा उसे भी सफेद फूलों से सजा दिया गया है। श्रीदेवी अपनी कई फिल्मों में सफेद रंग के आउटफिट में नजर आती रही थीं। उन्हें सफेद रंग बेहद पसंद था और अक्सर वह फिल्म में सफेद कपड़ों की डिमांड किया करती थीं। बता दें कि मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस क्रीमटोरियम में श्रीदेवी के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। श्रीदेवी का शनिवार रात दुबई में निधन हो गया था। वह 54 साल की थीं और दिखने में एकदम फिट थीं। बताया जाता है कि हृदय गति रुकने से उनका निधन हुआ। श्रीदेवी अपने भतीजे की शादी का फंक्शन अटेंड करने के लिए पिछले कुछ दिनों से दुबई में थीं।

श्रीदेवी शादी में पति बोनी कपूर और बेटी खुशी कपूर के साथ शामिल हुईं, जबकि बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर फिल्म ‘धड़क’ की शूटिंग की वजह से नहीं जा सकीं थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बोनी कपूर खुशी के साथ मुंबई वापस लौट आएं थे, जबकि श्रीदेवी ने होटल में रुकने का फैसला किया था। श्रीदेवी को बोनी कपूर सरप्राइज देने के लिए दोबारा दुबई गए थे। बोनी कपूर और श्रीदेवी कुछ देर के बाद डिनर के लिए भी जाने वाले थे। श्रीदेवी तैयार होने के लिए बाथरूम में गईं थीं, लेकिन कुछ देर बार वह बोनी कपूर के बाथटब में बेहोश मिलीं। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तब उन्हें डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।

दिग्गज फिल्म अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी ने दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के प्रति सम्मान दिखाते हुए होली पार्टी रद्द कर दी है। शबाना ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, “श्रीदेवी के निधन की वजह से जानकी कुरीर में हमारी दो मार्च को होने वाली होली पार्टी रद्द कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *