श्रीदेवी की अस्थियां रामेश्वरम में विसर्जित, पति बोनी कपूर संग बेटियां भी आईं नजर

दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की अस्थियां तमिलनाडु के रामेश्वर में विसर्जित की गईं। अस्थियों का विसर्जन पति बोनी कपूर ने किया। समुद्र तट पर इस दौरान बोनी के साथ दोनों बेटियां- जाह्नवी और खुशी कपूर भी थीं। विसर्जन की रस्म के वक्त फोटोग्राफर मानव मंगलानी भी वहां थे। उन्होंने उस पल को अपने कैमरे में कैद कर लिया। रविवार (4 मार्च) को उन्होंने चांदनी की अस्थियों के विसर्जन से जुड़ा फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया, जिसे खबर लिखे जाने तक 23 हजार 743 लोगों ने लाइक किया था। फोटो में रामेश्वरम के समुद्र तट पर बोनी कपूर लाल रंग के कपड़े में ढंकी श्रीदेवी की अस्थियां लिए खड़े थे। अगल-बगल बेटियां भी थीं। साथ में एक पंडित भी मौजूद था। पीटाआई के अनुसार, श्रीदेवी की अस्थियों को उनके पति एक खास विमान के जरिए यहां लेकर पहुंचे थे। आपको बता दें कि हिंदी सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार का निधन 24 फरवरी को दुबई के एक होटल में हुआ था। वह 54 साल की थीं और भतीजे मोहित मारवाह की शादी में हिस्सा लेने विदेश गई थीं।

 

27 फरवरी को उनका पार्थिव शरीर मुंबई लाया गया। दुबई में अधिकारियों ने बताया कि श्रीदेवी की जान होटल के बाथटब में अचानक डूबने से हुई। वह तमिलनाडु के एक गांव में पैदा हुई थीं और तमिल फिल्मों से ही उन्होंने अपने फिल्मी करियर का आगाज किया था।

साल 1970 में उन्होंने अपना डेब्यू किया था। शुरुआती दौर में वह तमिल, तेलगु और मलयाली फिल्मों में नजर आईं। फिर 80 के दशक में उन्होंने मुख्यधारा की हिंदी फिल्मों की ओर रुख किया था। श्रीदेवी के गुजरने की खबर ने न सिर्फ बॉलीवुड जगत को बल्कि देश भर की जनता को सदमे में छोड़ दिया कि आखिर वह इतनी जल्दी कैसे दुनिया से हमेशा के लिए जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *