दिल्ली-एनसीआर में नाबालिग की तस्करी करने वाले एक और गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़

दिल्ली के शाहदरा में एक मानव तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। इसका मकसद नाबालिग लड़कियों को बहला फुसलाकर शादी के लिए तैयार कर उसे भारी रकम में बेचना होता है। यह गिरोह दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश में काफी दिनों से सक्रिय था। शादी का झांसा देकर मानव तस्करी करने वाले इस गिरोह का सरगना एक दंपति है। पुलिस ने दंपति सहित चार लोगों को गिरफ्तार लिया है। पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को इनके चंगुल से भी मुक्त कराने में सफलता हासिल की थीं। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह रेलवे स्टेशनों, बस अड्डा इसी तरह के सार्वजनिक जगहों पर घर से रूठकर आई नाबालिगों को शिकार बनाता था। गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ जब बीते साल गायब 14 साल की एक नाबालिग इस साल बरामद की गई। उसे महिला आयोग के सामने पेश किया गया तो पता चला कि उसे चार लाख रुपए में बेचा गया था। साल भर पहले लापता हुई लड़की का फोन भी आया था।

बरामद की गई बहला फुसलाकर लाई गई दो नाबालिग
नेहा और अनुज के घर से पुलिस बहकाकर लाई गई दो और लड़कियों को मुक्त कराने में सफल रही। दोनों 14 और 17 साल की हैं। नेहा और अनुज से पूछताछ की तो उन्होंने अपने गिरोह के काम करने का पूरा तरीका बताया। राज नाम का एक शातिर लड़कियों को बहलाकर लाने का काम करता है। राज के मुताबिक रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर ऐसी लड़कियों की ताक में रहता जो घर से रूठकर या किसी और कारण से भागकर आई हों। राज उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचाने, नौकरी दिलाने या शादी कराने जैसे झांसे देकर फंसा लेता। राज की शिकार हमेशा नाबालिग लड़कियां ही होतीं क्योंकि उन्हें बहकाना आसान होता है।

‘मैंने चार लाख रुपए में लड़की को खरीदा है’
शाहदरा जिला के गीता कॉलोनी थाना पुलिस को करीब साल भर पहले लापता हुई एक लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर हाल ही में एक मिस कॉल आया है। उन्होंने जब उसी नंबर पर कॉल किया तो उन्हें संदेह हुआ कि यह उनकी लापता बेटी का फोन था। साथ ही उन्हें अहसास हुआ कि उनकी बेटी किसी मुसीबत में है।

उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। उनकी 14 साल की बेटी पिछले साल अचानक लापता हो गई थी। पुलिस ने जब उस नंबर की जांच-पड़ताल की तो वह नंबर दादरी का निकला। फोन नंबर के आधार पर पता निकालकर पुलिस ने दादरी में छापेमारी की और लड़की को आजाद करवा लिया। लड़की ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसकी शादी दादरी के नीरज नाम के व्यक्ति से करा दी थी। लड़की ने यह भी बताया कि उसे बहकाकर शादी के लिए बेचने वाले आरोपियों का नाम नेहा और अनुज है। उसने यह भी बताया कि नेहा और अनुज ने कई और लड़कियों को अपने घर कैद कर रखा है। नीरज ने बताया कि उसने चार लाख रुपए में लड़की को खरीदा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *