इकतरफा प्यार में एक मनचले आशिक ने लड़की पर फेंक दिया तेजाब, पुलिस ने किया गिरफ्तार

इकतरफा प्यार के किस्से तो आए दिन ही सुनने में आते हैं। ऐसा ही एक मामला बिहार की राजधानी पटना से आया है। पटना में जीपीओ गोलंबर के नजदीक रहने वाली एक लड़की पर सोनू नाम के मनचले आशिक ने तेजाब फेंक दिया। लड़की का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने इस लड़के से दोस्ती करने से मना कर दिया था। पुलिस में मामला दर्ज होने के 12 घंटे बाद सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी सोनू लड़की को बार-बार दोस्ती करने के लिए बोलता था। उसने कहा कि वह उस लड़की को पसंद करता था। सोनू ने लड़की को धमकी देते हुए कहा था कि अगर वो उससे दोस्ती नहीं करेगी तो उसके साथ ऐसा सलूक करेगा कि वो किसी दूसरे से दोस्ती करने लायक नहीं रह जाएगी।

लड़की जब उसकी धमकी से नहीं डरी और उससे दोस्ती नहीं की तो उसके साथ सोनू ने वही किया, जैसा कहा था। जब लड़की अपने घर की ओर जा रही थी, उसके पीछे एक बाइक सवार आया और एसिड फेंक कर चला गया। एसिड के छींटे लड़की के मामा पर भी पड़े। लड़की और उसके मामा, दोनों की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। सोनू लड़की को पिछले 3 माह से परेशान कर रहा था। इस हादसे से पहले भी सोनू लड़की को दो बार धमकी दे चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *