जापानी पीएम शिंजो आबे को पीएम मोदी कराएंगे वेज डिनर, कराएंगे 16वीं सदी की मस्जिद की सैर

जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे बुधवार (13 सितंबर) को भारत पहुंचेंगे। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 3.30 बजे अपने गृह राज्य गुजरात में शिंजो आबे का स्वागत करेंगे। जापानी पीएम दो दिन तक भारत में रहेंगे। वो सीधे गुजरात आएंगे और पीएम मोदी के साथ एक रोडशो में हिस्सा लेंगे। दोनों नेता अहमदाबाद एयरपोर्ट से महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम तक सड़क मार्ग से जाएंगे। शिंजो आबे की इस यात्रा के दौरान गुरुवार सुबह मुंबई और अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन सेवा की आधारशिला रखी जाएगी। ये बुलेट ट्रेन जापान की वित्तीय मदद से बनायी जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जापानी पीएम शिंजो आबे और उनकी पत्नी अकी आबे को भारतीय पीएम अहमदाबाद स्थित हाउस ऑफ मंगलदास गिरधरदास होटल में विशेष डिनर कराएंगे। डिनर में शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। डिनर में केवल तीन लोग शामिल होंगे। भारतीय पीएम जापानी पीएम और उनकी पत्नी को होटल के दूसरी तरफ स्थित 16वीं सदी की सिदी सैय्यद मस्जिद दिखाने भी ले जाएंगे। सन् 1573 में बनी मस्जिद “”सिदी सैय्यद की जाली” के नाम से विख्यात है। मस्जिद इसमें लगी 10 जालीदार खिड़कियों के लिए जानी जाती है।

हिन्दुस्तान टाइम्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय ने मस्जिद प्रशासन से उसके इतिहास और महत्व के बारे में जानकारी मंगायी है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी पीएम आबे को मस्जिद के बारे में जानकारी देंगे। जापानी पीएम शिंजो आबे अहमदाबाद में होने वाली भारत-जापान सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आए हैं। जापानी पीएम गुरुवार को जापान वापस लौटेंगे। इससे पहले जापानी पीएम शिंजो आबे ने साल 2015 में भारत दौर के समय पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा किया था। तब जापानी पीएम भारतीय पीएम के साथ गंगा आरती में भी शामिल हुए थे। जापान और भारत के बीच वाराणसी को क्योटो के तर्ज पर विकसित करने के लिए भी समझौता हुआ था। चीन और भारत के बीच डोकलाम विवाद के दौरान जापान एकमात्र देश था जिसने इस मसले पर खुलकर भारत का पक्ष लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *