थाने के भीतर बीजेपी कार्यकर्ताओं को कराया गया भरपेट नाश्‍ता, वीडियो शेयर कर कांग्रेस ने बोला हमला

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया गया है कि मध्यप्रदेश के एक पुलिस थाने में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं को भरपेट नाश्ता कराया गया। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने वीडियो वाले ट्वीट को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से रीट्वीट किया है। वीडियो के ट्वीट में लिखा गया है- ”ये भाजपा कार्यकर्त्ता किसी रेस्टोरेंट में मौज नहीं कर रहे, बल्कि उज्जैन के माधवनगर पुलिस थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की आवभगत हो रही है। जब भाजपा के कार्यकर्ताओं की पुलिस को दामाद बना कर सेवा ही करना है तो क्यों न थानों को भाजपा कार्यालय ही बना दिया जाए?” इस वीडियो को CMO MP Shadow नाम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया था। वीडियो में पुरुषों के अलावा महिलाएं भी दिख रही हैं। लोग नाश्ता करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दिख रहे पोस्टर बैनर से जगह पुलिस थाना ही प्रतीत होती है।

करीब 31 सेकेंड के वीडियो में काफी लोग दिखाई दे रहे हैं और काफी शोर सुनाई दे रहा है। वीडियो के ट्वीट में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी टैग किया गया है। वीडियो शनिवार (9 मार्च) को ट्वीट किया गया था। खबर लिखे जाने तक वीडियो को 171 बार रीट्वीट किया जा चुका था। बता दें कि हाल ही में मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों कोलारस और मुंगावली में उपचुनाव कराए गए थे, जिनमें कांग्रेस ने जीत हासिल की थी।

मुंगावली से कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव और कोलारस से कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने इन उपचुनावों से पहले राज्य की शिवराज सरकार के खिलाफ किसानों की आत्महत्या को लेकर रैलियों में निशाना साधा था। राज्य में किसानों की आत्महत्या का मुद्दा बना हुआ है। कांग्रेस ने बेरोजगारी का भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। राज्य में अगले करीब 6 महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में इन दो सीटों पर हुए उपचुनावों को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा था। खबर लिखे जाने तक बीजेपी की तरफ से इस वीडियो पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *