घोड़े पर सवार हो क्लब में घुसी लड़की, देखें क्या हुआ जब भीड़ देख भड़का घोड़ा

क्लब में कुछ अलग करना एक महिला को भारी पड़ा। शानदार एंट्री के चक्कर में वह घोड़े पर क्लब में आई थी। मगर अंदर भीड़ देखकर घोड़ा भड़क उठा। वह अचानक से बेकाबू हो गया। ऊपर बैठी महिला को उसने झटका देकर गिरा दिया। घटना के दौरान आसपास लोग उसकी मदद के बजाय चियर करते नजर आए, जबकि कुछ घोड़े से खुद को बचाते दिखे। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। घटना के दौरान क्लब में मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। बाद में जब यह क्लिप सामने आई तो लोगों ने इस पर अपना गुस्सा जाहिर किया। लोगों ने इस क्लिप में घोड़े के साथ किए गए बर्ताव को क्रूरता करार दिया। महिला को इसी बाबत सोशल मीडिया पर लोगों ने निशाने पर लिया। बोले कि यह सरासर गलत है। घोड़े के साथ गलत बर्ताव किए जाने के साथ लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाला गया।

मामला अमेरिका के फ्लोरिडा शहर का है। वीडियो मियामी में मोकाई लाउंज का बताया जा रहा है, जहां एक डांसर घोड़े पर सवार हो आई थी। क्लिप के अनुसार, एक महिला अंडरगारमेंट्स में थी। वह घोड़े पर सवार होकर क्लब में आती है। अचानक घोड़ा बेकाबू हो जाता है। वह उसे गिरा देता है। आसपास मौजूद लोग घटना के दौरान चियर कर रहे होते हैं।

मियामी बीच पुलिस ने भी इस क्लिप को अपने टि्वटर अकाउंट से पोस्ट किया, ताकि इस विषय में उन्हें और जानकारी मिल सके। सिटी मियामी बीच पुलिस का कहना है, “पुलिस को इस घटना के बारे में सूचना दी गई। आशंका है कि इसमें जानवर के साथ क्रूरता की गई और अन्य लोगों की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाया गया।” पुलिस ने बाद में घोड़े का पता लगाया और कहा कि वह फिलहाल ठीक है, जबकि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *