सरफराज की जीत पर बोले मंत्री गिरिराज सिंह- अररिया बनेगा आतंकवाद का गढ़

बिहार की अररिया लोकसभा सीट पर चुनाव परिणाम आने के एक दिन पहले भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये बिहार के लिए खतरा नहीं है, देश के लिए खतरा है। अररिया आतंकवादियों का अड्डा बन जाएगा। अररिया उपचुनाव में लालू यादव की आरजेडी के उम्मीदवार सरफराज आलम की जीत पर उन्होंने कहा, “अररिया केवल सीमावर्ती इलाका नहीं है। यह केवल नेपाल और बंगाल से जुड़ा नहीं है। एक कट्टरपंथी विचारधारा को उन्होंने जन्म दिया है। वह आतंकवादियों का गढ़ बनेगा।” बता दें कि अररिया उपचुनाव में सरफराज आलम ने भाजपा उम्मीदवार प्रदीप कुमार सिंह को 60,000 से ज्यादा वोटों से हरा दिया। अररिया में आरजेडी के दिग्गज नेता मोहम्मद तस्लीमुद्दीन के निधन के बाद उपचुनाव हुए थे।

इससे पहले अररिया चुनाव के दौरान भाजपा नेता नित्यानंद राय ने भी विवादित बयान देते हुए कहा था कि अगर आरजेडी चुनाव जीती तो अररिया आईएसआई का अड्डा बन जाएगा, जबकि भाजपा उम्मीदवार प्रदीप सिंह यहां से जीत दर्ज करते हैं तो यह देशभक्तों का स्थान बना रहेगा। वहीं, आरजेडी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अररिया में जीत को बिहार के लोगों की जीत करार देते हुए कहा कि यह आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की विचारधारा की जीत है। दूसरी तरफ, भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि पार्टी इस जनादेश को स्वीकार करती है।

बिहार उपचुनाव परिणाम पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को फेस वैल्यू की जगह जनता के लिए काम करना चाहिए। बस यही एक तरीका है, जिसमें वे सुधार कर सकते हैं या फिर साल 2019 के लोकसभा चुनावों में उन्हें ऐसे ही परिणाम देखने होंगे। जानकारी के लिए बता दें कि मांझी हाल के दिनों एनडीए का साथ छोड़कर महागठबंधन में शामिल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *