झारखंड के 150 से ज्यादा मुकदमे और 1.5 करोड़ के इनाम वाले कुख्‍यात नक्‍सली ही हुई हार्ट अटैक से मौत

शीर्ष माओवादी नेता अरविंद की हार्ट अटैक से मौत की खबर है। कुख्यात अरविंद पर डेढ़ करोड़ रुपए का इनाम था और कई राज्यों की पुलिस को उसकी तलाश थी। बताया जा रहा है कि 80 वर्षीय माओवादी नेता पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहा था और आखिरकार बुधवार को झारखंड के बूढ़ा पहाड़ पर उसकी मौत हो गई। अरविंद पर झारखंड सरकार ने 1 करोड़ रुपए, बिहार सरकार ने 5 लाख रुपए और छत्तीसगढ़ सरकार ने 40 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। इनके अलावा महाराष्ट्र सरकार ने भी अरविंद पर इनाम की घोषणा कर रखी थी। अरविंद भाकपा माओवादी पोलित ब्यूरो का सदस्य था। साल 2013 में जवानों के पेट में बम रखने का मास्टरमाइंड भी अरविंद ही था और पिछले काफी समय से उसने झारखंड के बूढ़ा पहाड़ को अपना ठिकाना बनाया हुआ था। अरविंद की सुरक्षा में हर समय 8 माओवादी कमांडो एके-47 और रॉकेट लॉन्चर के साथ तैनात रहते थे।

मीडीया से प्राप्त खबर के अनुसार अरविंद की मौत के बाद खूंखार माओवादी कमांडर सुधाकरण को अरविंद की जगह संगठन की कमान दी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, सुधाकरण भी अपनी पत्नी नीलिमा के साथ बूढ़ा पहाड़ पर ही छिपा हुआ है। झारखंड पुलिस के शीर्ष अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अरविंद की मौत की सूचना मिली है। फिलहाल, खबर की पुष्टि करायी जा रही है। उल्लेखनीय है कि अरविंद बिहार के जहानाबाद का निवासी था। अरविंद पर 139 से अधिक मामले दर्ज थे और 9 राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल वह लातेहार, गुमला, लोहरदगा, गढ़वा और पलामू इलाके में सक्रिय था। बताया जा रहा है कि नक्सली अरविंद के शव को जहानाबाद ले जा सकते हैं, जिसे देखते हुए बिहार पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *