अभी इन देशों में चल रही हैं बुलेट ट्रेनें, स्‍पीड जानकर दंग रह जाएंगे

भारत ने बुलेट ट्रेन की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। गुरुवार (14 सितंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जापानी समकक्ष शिंजो आबे के साथ मिलकर गुजरात के अहमदाबाद से बुलेट ट्रेन परियोजना का शिलान्‍यास किया। इस परियोजना के 2022 तक पूर होने की उम्मीद है। रेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, बुलेट ट्रेन की संचालन गति 320 किमी प्रति घंटे और अधिकतम गति 350 किमी प्रति घंटे होगी। अन्‍य देशों के मुकाबले, भारत में बुलेट ट्रेनों की रफ्तार बेहद धीमी है। आइए एक नजर डालते हैं कि विश्‍व में किस देश के पास हाई स्‍पीड ट्रेन की सुविधा है।

जापान में पिछले 50 सालों से बुलेट ट्रेनें चल रही हैं। करीब 2,700 किलोमीटर लंबे नेटवर्क के सहारे, जापान की शिंकानसेन बेहद सुरक्षित सवारी मानी जाती है। इतने लंबे परिचालन इतिहास में जापान की बुलेट ट्रेनों से जुड़ा कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। अप्रैल 2015 में जापान ने मैग्‍नेटिक लेविटेशन तकनीक का परीक्षण किया। 7 बोगियों की इस ट्रेन ने रेलों की स्‍पीड का विश्‍व रिकॉर्ड बना डाला। 603 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार जापान ने दो साल पहले ही हासिल कर ली थी।

फ्रांस 

फ्रांस ने 1970 के दशक में टीजीवी (Train à Grande Vitesse) का परीक्षण शुरू किया था। इसी ट्रेन के एक उन्‍नत संस्‍करण ने अप्रैल, 2007 में 574.8 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़कर दुनिया को हैरान कर दिया था। 10 साल पहले इस कारनामे को अंजाम देने के बाद अब फ्रांस में हर डिब्‍बे के अंदर मोटर लगाकर स्‍पीड को और बढ़ाने के प्रयोग चल रहे हैं।

 

इटली

1977 में रोम को फ्लोरेंस से जोड़कर इटली का पहला हाई स्‍पीड रेल रूट खोला गया था। तब उसकी टॉप स्‍पीड 250 किमी प्रतिघंटा हुआ करती थी। वर्तमान में इटली के कई हिस्‍सों को जोड़ने वाली हाई स्‍पीड ट्रेनों की रफ्तार 300 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

चीन

एशिया की महाशक्तियों में से एक, चीन में बुलेट ट्रेनें 250-350 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलती हैं। हालांकि चीन की सबसे तेज ट्रेन शंघाई माग्‍लेव है जो कि 431 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है, मगर उसका ट्रैक सिर्फ 30 किलोमीटर है, जिसमें वह 245.5 किमी प्रतिघंटा की औसत रफ्तार से चलती है। चीन का हाई स्‍पीड रेल नेटवर्क काफी बड़ा है और पूरी दुनिया के हाई स्‍पीड ट्रैक्‍स का दो-तिहाई हिस्‍सा कवर करता है।

स्‍पेन

स्‍पेन की सबसे तेज ट्रेन, टैग्‍लो 350 217.4 मील प्रतिघंटा की रफ्तार से चलती है। इसका आगे का हिस्‍सा बत्‍तख के चोंच जैसा होने के कारण इसे यह नाम दिया गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *