अपने क्लास में सबसे अधिक नंबर नही ला पायी तो पिता की बंदूक निकाल खुद को मार ली गोली

हरियाणा में एक लड़की ने अपनी ही जान ले ली। कारण था- क्लास में सबसे अधिक नंबर नहीं ला पाना। शनिवार (31 मार्च) को उसने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली थी। यह मामला जींद जिले के पिल्लुखेड़ा इलाके का है। लड़की की शिनाख्त अंजलि के रूप में हुई है। वह यहां अपने परिवार वालों के साथ रहती थी। अंजलि इंडस पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती थी, जिसे राज्य वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु संचालित करते हैं। शनिवार को उसके स्कूल में परीक्षा का परिणाम जारी हुआ था। यह पता लगने पर कि उसने क्लास में टॉप नहीं किया, जिससे वह बेहद निराश हुई थी। पिता लड़की को घर पर छोड़कर किसी काम से बाजार गए हुए थे, तभी बच्ची ने अपनी जान ले ली। डीएसपी सुनील कुमार ने इस बारे में कहा कि छात्रा ने इसी बात से परेशान होकर खुदखुशी की।

जांच अधिकारी राज कुमार ने कहा, “परिजन के मुताबिक लड़की परीक्षा में कम नंबर नहीं लाई थी। लेकिन वह टॉप भी नहीं कर सकी थी, जिसकी उसे उम्मीद थी। वह इसी बात को लेकर तनाव में थी।” अंजलि को 11वीं में 92 फीसदी अंक हासिल हुए थे, जबकि 10वीं में उसको 95 फीसदी अंक मिले थे। वह अपने परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं थी।

पिता ने बेटी को खून से लथपथ टॉयलेट में पड़े देखा था, जिसके फौरन बाद वह उसे नजदीक के अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। हालांकि, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है। एक पुलिस अफसर के अनुसार, लड़की की लाश घर के टॉयलेट से बरामद हुई थी, जहां पर पिता वेदपाल की बंदूक भी पड़ी थी। लड़की ने उसी से खुद पर गोली चलाई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वेदपाल गांव के मुखिया हैं, जिनकी तीन बेटियों में से अंजलि सबसे बड़ी लड़की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, जिसके बाद उसे वापस परिवार को लौटा दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *