Video: भारत बंद के दौरान एक प्रदर्शनकारी पर टूट पड़े पुलिसवाले, देखें कुछ अलग-अलग क्षेत्रों के वीडियो

दलित संगठनों के भारत बंद के दौरान जमकर हिंसा हुई है। इस हिंसा में मध्य प्रदेश में 4 लोगों की मौत हो गई है। जबकि दर्जनों घायल हो गये हैं। मध्य प्रदेश के चार जिले ग्वालियर, भिंड, मुरैना, सागर जबर्दस्त हिंसा की चपेट में हैं। मध्य प्रदेश के सागर से प्रदर्शनकारियों पर पुलिसिया जुल्म का एक वीडियो आया है। इस वीडियो में एक प्रदर्शनकारी पर लगभग आधा दर्जन पुलिसकर्मी डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं। बता दें कि  एससी, एसटी (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) अधिनियम का दुरुपयोग रोकने के लिए हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के विरोध में विभिन्न संगठनों ने 2 अप्रैल को भारत बंद का आह्वान किया था जिसका मध्य प्रदेश में भी व्यापक असर नजर आ रहा है।

इस वीडियो में दो पुलिसकर्मी एक शख्स को पीट रहे हैं। इस दौरान यह शख्स भागने की कोशिश करता है, लेकिन सड़क की रेलिंग के पास आकर गिर जाता है। इतने में दो पुलिस वाले वहां और पहुंच जाते हैं, और गिरे हुए शख्स पर लाठियां बरसाने लगते हैं, शख्स हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता है। इतने में कुछ और पुलिस वाले वहां पहुंच जाते हैं। एक पुलिसकर्मी इस शख्स को घसीटकर आगे ले जाता है। इस दौरान भी एक पुलिसकर्मी इसे लाठी मारता है।

सागर की इसी घटना से जुड़ा एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है। दरअसल सागर में लोग प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस इन लोगों को समझाकर रोकना चाह रही थी। लेकिन ये लोग रूके नहीं इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान यह शख्स गिर गया। इसके बाद पुलिस ने इस पर लाठियां बरसाई।

बिहार के आरा से भी दलितों के प्रदर्शन का एक वीडियो आया है। यहां पर बंद समर्थक कोर्ट परिसर में घुस गये, और कोर्ट में ही हंगामा करने लगे। बंद समर्थकों ने कोर्ट परिसर में रखी कुर्सियां तोड़ दी और जमकर हंगामा किया।

#bharatbandh बिहार के आरा में कोर्ट परिसर में घुसकर बंद समर्थकों ने यह हाल कर दिया। वीडियो सोर्स: पंकज श्रीवास्तव

Posted by Jansatta on Monday, April 2, 2018

उत्तर प्रदेश के मेरठ में भी प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठियां बरसाई है। पुलिस यहां हंगामा कर रहे कुछ लोगों को पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन जब ये लोग नहीं माने ते इन्हें लाठियों से पीटा गया।

 

झारखंड की राजधानी रांची में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई है। इस दौरान कई लोग घायल हो गये। दरअसल प्रदर्शनकारी एक बस में तोड़-फोड़ करना चाह रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोक तो उनकी पुलिस से भिड़ंत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *