सेना की वर्दी में पद्म भूषण पाकर महेंद्र सिंह धोनी ने सेना को कहा शुक्रिया, वायरल हुई पोस्ट

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मंगलावर (2 मार्च) को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। संयोग की बात ये रही कि ठीक इसी दिन धोनी के नेतृत्व में साल 2011 में भारत ने श्रीलंका को हरा दूसरी बार वनडे विश्व कप जीता था। धोनी को नवंबर 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद से सम्मानित किया गया था। जब धोनी पद्म भूषण लेने आए, तो उन्होंने आर्मी की पोशाक ही पहन रखी थी, जिसके चलते वह आकर्षण का केंद्र बने रहे।

धोनी इस सम्मान को पाकर बेहद खुश हुए। उन्होंने अपनी प्रसन्नता का इजहार करते हुए ट्वीट किया- “सेना की वर्दी में पद्म भूषण पाने पर खुशी 10 गुना बढ़ गई है। शुक्रिया सेना के सभी पुरुष-महिलाओं और उनके परिवारों के बलिदान के लिए, ताकि हम सभी संवैधानिक अधिकारों का आनंद उठा सकें।”

 

कपिल देव के बाद धोनी भारत के दूसरे क्रिकेटर हैं, जिन्हें यह सम्मान दिया गया। धोनी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से यह पुरस्कार हासिल किया। कई बार के विश्व खिताब विजेता क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी को भी पद्म भूषण से नवाजा गया। भारत ने 2011 में आज ही के दिन श्रीलंका को हराकर विश्व कप जीता था।

धोनी ने वानखेड़े स्टेडियम में छक्का जड़कर 10 गेंद शेष रहते भारत को जीत दिलाकर उसके विश्व कप खिताब के 28 साल के सूखे को खत्म किया था। धोनी को इससे पहले 2007 में देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न, जबकि 2009 में देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री दिया गया। धोनी की तरह आडवाणी भी अपने खेल में काफी सफल रहे हैं और उन्होंने 2006 और 2010 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *