पति के उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने अपने पति को बेलन से इतना पीटा कि हो गई उसकी मौत

उत्तर प्रदेश में पति के उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने सोमवार (2 अप्रैल, 2018) को बेलन से उसे इतनी बुरी तरह पीटा की शख्स की मौत हो गई। घटना राज्य के अंबेडकर नगर जिले की बताई जाती है। टीओआई की खबर के अनुसार महिला को उसकी नाबालिग बच्ची के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है नाबालिग भी पिता की हत्या में कथित तौर पर शामिल थी। हुसैनाबाद खानपुर के अंतर्गत जैदपुर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, ‘सुमित्रा (45) का पति गौरी प्रसाद राजभर (50) शराब के नशे में पत्नी और बच्चों संग मारपीट करता था। सोमवार को आधी रात के समय दोनों दंपत्ति की बीच शराब को लेकर तीखी बहस हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि सुमित्रा ने राजभर के सिर में कई बार बेलन से प्रहार किया। बाद में गंभीर हालत में उसे जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसएचओ जितेंद्र सिंह ने आगे बताया कि मृतक की बहन की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। राजभर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शिकायत में मृतक की 15 वर्षीय बेटी का नाम भी दर्ज कराया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि लड़की ने इस वारदात में मां की मदद की थी।

एसएचओ जितेंद्र सिंह ने आगे कहा कि हत्या जान-बूझकर नहीं की गई थी। महिला और उसकी बेटी से मृतक रोजाना मारपीट करता था। नाबालिग बच्ची रोजाना मां के साथ हो रहे बुरे बर्ताव को देखती रही थी, इसलिए घटना वाले दिन उसने पिता को बचाने की कोशिश नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *