चलती ट्रेन में एक शराबी द्वारा महिला को पीटने का वीडियो वायरल, पीटता रहा शराबी, देखता रहा पुलिसवाला

मुंबई की लोकल ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था ही नहीं हैं। मारपीट की घटना होने पर आम यात्रियों की बात छोड़िए, पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो मुंबई लोकल ट्रेनों में लचर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। कुछ देर पहले मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर कर रहे टीवी पत्रकार हमले के बाद घायल होने की तस्वीरें भी वायरल हुईं थीं।

यह वीडियो गुरुवार(पांच अप्रैल) की रात का बताया जाता है।स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छत्रपति शाहूजी टर्निमल के लिए जा रही लोकल ट्रेन में पति-पत्नी चढ़े। पति नशे की हालत में लड़खड़ा रहा था। रात करीब 11 बजे दादर और कुर्ला स्टेशन के बीच अपनी पत्नी को पीटने लगा। बोगी के सभी यात्री तमाशा देखने लगे मगर कोई बचाने नहीं आया। वीडियो में दिख रहा है कि बोगी में एक पुलिसकर्मी भी महिला की पिटाई को देख रहा है। मगर वह बचाने की कोई कोशिश नहीं करता।

 

इस घटना को कवर करने के दौरान मुंबई मिरर के रिपोर्टर ने कुछ प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि जैसे ही ट्रेन कुर्ला से चलनी शुरू की तो नशे में धुत पति अपनी बीवी को पीटने लगा। चश्मदीद समीर जावेरी के मुताबिक वह चाहकर भी महिला की मदद नहीं कर सकें, क्योंकि वह 90 प्रतिशत दिव्यांग हैं। हालांकि उन्होंने इमरजेंसी अलार्म भी खींचा था, मगर इससे कोई लाभ नहीं मिला। इस बीच किसी अन्य यात्री ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिस पर दादर जीआरपी ने पति को पत्नी की पिटाई के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *