Video: BJP सांसद का नाम ले बिना टिकट ट्रेन में चढ़ गए बीजेपी कार्यकर्ता और लोगों से भिड़ उनपर धौंस दिखाने लगे

मुंबई की लोकल ट्रेन में भाजपा कार्यकर्ताओं की दादागिरी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल भाजपा के कुछ नेता मुंबई की लोकल ट्रेन में बिना टिकट सफर कर रहे थे, जब टीटी ने उनसे टिकट मांगा तो वह टीटी से ही भिड़ गए। इस पर लोकल ट्रेन में सवार अन्य लोगों ने बिना टिकट यात्रा करने पर भाजपा नेताओं को निशाने पर ले लिया। इस पर भाजपा नेता स्थानीय सांसद की धौंस देने लगे और सासंद को फोन मिलाते दिखे, लेकिन जब लोग इससे नहीं घबराए तो भाजपा के ये नेता अगले स्टेशन पर उतर गए।

यह घटना 6 अप्रैल की है, जब भाजपा के स्थापना दिवस पर मुंबई में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली थी। भाजपा नेता इसी रैली में शामिल होने के लिए जा रहे थे। यह घटना मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर घटी। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि लोकल ट्रेन में लोग यह कहते भी दिखाई दिए कि ऐसे ही लोग मोदी का नाम खराब करते हैं। हैरानी की बात ये थी कि इस दौरान वीडियो में पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा के नेता दादागिरी करते दिखाई दिए। बहरहाल इतना कुछ हो जाने के बावजूद भाजपा नेता अगले स्टेशन पर उतरे और आराम से निकल गए और उनसे किसी तरह का कोई जुर्माना नहीं वसूला गया।

#NewsAlert-मुंबई: बिना टिकट ट्रेन में चढ़े BJPकार्यकर्ता, बीजेपी सांसद का नाम लेकर किया लोगों से झगड़ा

Posted by News18 India on Saturday, April 7, 2018

बता दें कि भाजपा के स्थापना दिवस पर मुंबई में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने संबोधित किया था। इसी रैली के दौरान अमित शाह ने विपक्ष की तुलना सांप, कुत्ते और नेवले से की थी। जिस पर काफी बवाल हुआ था और विपक्षी पार्टियों ने इस बयान के लिए अमित शाह की जमकर आलोचना की थी। अमित शाह ने अपने बयान में कहा था कि मोदी की बाढ़ में कुत्ते, बिल्ली, सांप और नेवले एक साथ आ गए हैं। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत संदर्भ में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *