राष्ट्रीय पुरस्कार: नहीं रहीं श्रीदेवी, पर मॉम के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड, न्यूटन बेस्ट फिल्म

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार कमेटी के चेयरमैन शेखर कपूर ने शुक्रवार दोपहर 65वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान किया। एक्ट्रेस श्रीदेवी को मरणोपरांत सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। निधन के तकरीबन 2 महीने बाद उन्हें फिल्म ‘मॉम’ के लिए यह अवॉर्ड दिया गया है। साल 2017 में रिलीज हुई ‘मॉम’ श्रीदेवी की आखिरी फिल्म थी। रवि उद्यावर के निर्देशन में बनी इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में श्रीदेवी ने एक मां का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके किरादर का नाम देवकी साराभाई था जो अपनी बेटी के साथ हुए अन्याय का बदला लेती है। 7 जुलाई 2017 को 4 भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म को 63वें फिल्म फेयर अवॉर्ड में 6 नॉमिनेशन्स मिले थे।

इसी फिल्म में शानदार बैकग्राउंड म्यूजिक देने के लिए ए.आर.रहमान को भी पुरस्कार दिया गया है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी थे जिन्होंने दयाशंकर नाम के एक डिटेक्टिव की भूमिका निभाई है। बता दें कि इस बार सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार अमित वी. मसुरकर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘न्यूटन’ को मिला। इस फिल्म में लीड रोल प्ले कर रहे राजकुमार राव को तो कोई पुरस्कार नहीं मिला लेकिन इसी फिल्म में एक सैनिक का किरदार निभा रहे अभिनेता पंकज त्रिपाठी को उनके काम के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया। मालूम हो कि एक्ट्रेस श्रीदेवी की दुबई में मौत हो गई थी। श्री एक शादी समारोह में शरीक होने दुबई गई हुई थीं।

उनकी मौत की वजह को लेकर भी काफी विवाद हुआ। शुरू में बताया गया कि दिल का दौरा पड़ने से श्रीदेवी का निधन हुआ है बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पाया गया कि उनकी मौत दुर्घटनावश पानी में डूबने से हुई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि श्री ने शराब पी हुई थी जिसके बाद उनका पैर फिसला और वह अपने बाथरूम के बाथटब में गिर पड़ीं। इसके बाद दुर्घटनावश डूब जाने से उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *