त्रिपुरा सीएम के बचाव में बीजेपी नेताओं के बयान: इंटरनेट ही नहीं, महाभारत काल में टीवी और जहाज भी थे

भारत में लाखों साल पहले इण्टरनेट और सैटेलाइट होने का बयान देकर त्रिपुरा के सीएम बिप्लब देब खासी चर्चा में हैं। उनका ये भी मानना है कि महाभारत युद्ध के दौरान इनका प्रयोग भी किया गया था। बिप्लब देब के इस बयान पर विरोधी उन्हें आड़े हाथों ले रहे हैं। इसी बीच भाजपा नेताओं ने बिप्लब देब के इस बयान का समर्थन भी किया है। जबकि बिप्लब देब अभी तक अपने बयान पर कायम हैं। बुधवार को अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने अपने विरोधियों को आड़े हाथों लिया। देब जन वितरण प्रणाली के कंप्यूटरीकरण पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करने आए थे। बिप्लब देब ने कहा कि,’ मैं मानता हूं कि इण्टरनेट और सैटेलाइट महाभारत काल में भी मौजूद थे। संकीर्ण मानसिकता वाले लोगों के लिए इस पर यकीन करना मुश्किल है। वह अपने ही देश की उपलब्धियों को छोटा जबकि दूसरे देशों की उपलब्धियों को बड़ा मानते हैं। सच पर यकीन कीजिए। न तो खुद भ्रमित हों और न ही दूसरों को करें।’

जैसे इतना ही पर्याप्त नहीं था, इस मामले पर त्रिपुरा के गर्वनर तथागत रॉय ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि,’ त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का पौराणिक काल होने पर यकीन काल्पनिक जान पड़ता है। दिव्य दृष्टि, पुष्पक रथ जैसी चीजें बिना किसी साक्ष्य और अध्ययन के पूरी तरह से बकवास लगती हैं।’

लेकिन इस मामले पर त्रिपुरा के सीएम बिप्लब देब के बयान को भाजपा के नेताओं ने अपना समर्थन दिया है। असम के भाजपा सांसद राम प्रसाद शर्मा ने बिप्लब देब का धन्यवाद दिया। रामप्रसाद शर्मा ने बिप्लब देब की न सिर्फ तारीफ की बल्कि उन्होंने नासा द्वारा भारत से जानकारी लेने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि,’ सत्य को प्रकाश में लाने के लिए मैं बिप्लब देब जी को धन्यवाद देता हूं। उनका नाम बिप्लब है और इसीलिए उन्होंने क्रान्तिकारी बातें की हैं। महाभारत में संजय ने टीवी का किरदार निभाया था। धृतराष्ट्र अंधे थे इसलिए महाभारत युद्ध में क्या हो रहा था, वह उसे देखकर धृतराष्ट्र को बता दिया करते थे। ये सिर्फ महाभारत और रामायण काल की बातें नहीं हैं। वेदों में वर्णित विज्ञान अब इस दुनिया में नहीं है। नासा ने वेदों से भी विज्ञान की जानकारियां ली हैं।’

इससे पहले बिप्लब देब ने अपने बयान में कहा था कि,’यही वह देश है जहां संजय बैठकर धृतराष्ट्र को महाभारत युद्ध का आंखों देखा हाल सुना रहा था। इसका मतलब है कि वहां तकनीकी थी। वहां इण्टरनेट था, वहां सैटेलाइट थे। वह संजय की आंखों से कैसे देख सकते थे? इसका अर्थ है कि उस दौर में वहां पर टेक्नोलॉजी थी। मध्य काल में क्या हुआ ये हम नहीं जानते। लेकिन इस समय टेक्नोलॉजी वहीं है, जहां उस वक्त हुआ करती थी। मैं आप लोगों को बधाई देना चाहता हूं कि आपने ये बड़ा काम किया है। लेकिन ये करने वाले आप पहले इंसान नहीं हैं। ये अविष्कार देश में लाखों साल पहले ही हो चुका था। मुझे गर्व है कि मैं इस देश में पैदा हुआ हूं। आज यूरोप और अमेरिका जैसे मुल्क हमसे कहते हैं कि ये टेक्नोलॉजी हमारी है, लेकिन ये टेक्नोलॉजी उनकी नहीं, हमारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *