कोलकाता में पुकिस ने किया गोमांस सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, नगर निगम कर्मचारी भी था शामिल

कोलकाता के कई होटलों में मुर्दा जानवरों के मांस की सप्लाई करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक दक्षिण 24 परगना जिले के बुदगे बुदगे नगर निगम का कर्मचारी है। आरोप है कि ये दोनों आरोपी मिलकर मुर्दा मवेशियों की लाशों से मांस निकालकर कोलकाता के होटलों में सप्लाई करते थे। बुदगे बुदगे इलाके के रहने वाले कई लोगों ने कुछ दिनों से इन पर नज़र रखना शुरू किया था। लोगों का आरोप है कि ये दोनों नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड में मवेशियों की लाश फेंकते ही उनका मांस निकालना शुरू कर देते थे। स्थानीय लोगों ने बताया, “हम पिछले कई दिनों से दो लोगोें को नगर निगम के कचड़ा घर में घुसते हुए और फिर बोरी में कुछ भरकर निकलते हुए देख रहे थे। उत्सुकता के कारण हमने उसे रोक लिया। बोरी लेकर निकलने वाले शख्स का नाम राजा मलिक था, वह बुदगे बुदगे नगर निगम का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। राजा मलिक मुर्दा मवेशियों की लाशों में से मांस निकालकर उसे टैक्सी में लेकर बैठने ही वाला था। अचानक लोगों ने उसे घेरकर पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में राजू मलिक और कार चालक श्यामलाल कोई जवाब नहीं दे सके। जब बोरी को खोलकर देखा गया तो उसमें मुर्दा गाय का मांस था।”

एक दूसरे स्थानीय निवासी ने बताया, “लोगों ने दोनों को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के सामने मलिक ने स्वीकार किया कि वह मुर्दा मवेशियों की लाशों से मांस निकालकर उसे कोलकाता के कई होटलों में सप्लाई किया करता था। मलिक जिन होटलों में मांस दिया करता था, उनमें से कई में तो हमने खुद खाना खाया है।”

वहीं इस मामले पर पुलिस ने बताया, “दोनों आरोपी डंपिंग ग्राउंड में फेंकी गई लाशों से मांस निकालकर टैक्सी से उसे किराए पर ली हुई वर्कशॉप में ले जाते थे। वहां पर मांस के टुकड़ों को छोटे पीस में काटा जाता था। मांस के टुकड़ों को थर्माकोल के आइसबॉक्स में बर्फ के साथ लगाकर कोलकाता के कई रेस्टोरेंट में सप्लाई कर दिया जाता था। आक्रोशित भीड़ ने दोनों आरोपियों को पीटने के साथ ही उस कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे ये मांस को ले जाया करते थे। हम इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि इस अपराध में इन दोनों के साथ और कितने लोग शामिल हैं।” बता दें कि कुछ समय पहले ही मरे हुए मुर्गे-मुर्गियों के मीट को रेस्टोरेंट और ढाबों में सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *