नरेंद्र मोदी का जन्मदिन: जानिए- दिनभर का कार्यक्रम, मां से मिलने के बाद क्या-क्या करेंगे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल यानी संडे (17 सितंबर) को जन्मदिन है। उनके पूरे दिन का कार्यक्रम पहले से तय है। सबसे पहले वह गुजरात के गांधीनगर में अपनी मां हीरा बा से मिलेंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। पिछले साल भी मोदी वहां पहुंचे थे। पिछले साल की ही तरह मोदी गुजरात में ही अपने जन्मदिन का ज्यादातर वक्त बिताएंगे। गुजरात में इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। पीएम मोदी कल सरदार सरोवर बांध का उद्घाटन करेंगे। यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बांध है। बांध पर ही वह नर्मदा नदी की पूजा—अर्चना करेंगे। इसके बाद वह इस परियोजना का लोकार्पण करेंगे। परिकल्पना सरदार वल्लभभाई पटेल ने 1946 में ही की थी। हालांकि इस पर काम 1970 के दशक से ही प्रारंभ हो पाया।

इस बांध परियोजना और इस पर बनी विद्युत परियोजना से चार राज्यों गुजरात, महाराष्ट, राजस्थान और मध्य प्रदेश को लाभ मिलेगा। विद्युत परियोजना से चार राज्यों गुजरात, महाराष्ट, राजस्थान और मध्य प्रदेश को लाभ मिलेगा। ऊंचाई बढ़ाने के लिए 17 जून को इसको बंद कर दिया गया था, अब फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री बांध के समीप ही बन रही सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशालकाय प्रतिमा ‘स्टेचू आफ यूनिटी’ के निर्माण में हुई प्रगति का जायजा भी लेंगे। यह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनने जा रही है। बांध और सरदार पटेल की प्रतिमा का निर्माण कार्य में संलग्न सरदार सरोवर नर्मदा निगम लि. के अधीक्षण अभियंता आर जी कानूनगो ने भाषा को बताया कि 182 मीटर ऊंची यह प्रतिमा विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। अभी ‘स्टेचू आफ लिबर्टी’ को दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा माना जाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री रविवार को इस प्रतिमा के निर्माण में हुई प्रगति का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि सरदार सरोवर बांध के पास इस प्रतिमा को बनवाने का कारण यह है कि गुजरात में जल संकट को देखते हुए सरदार पटेल ने ही 1946 में पहली बार नर्मदा पर बांध बनवाने का सुझाव दिया था। उन्होंने बताया कि इस प्रतिमा का निर्माण सरदार वल्लभभाई राष्ट्रीय एकता ट्रस्ट करवा रहा है।

इसके निर्माण कार्य का ठेका एल एंड टी कंपनी को दिया गया है। कानूनगो ने बताया कि इस विशाल प्रतिमा के निर्माण के लिए एक जून 2018 का समय तय किया गया था किन्तु इसके अब अक्तूबर 2018 में पूरा होने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिमा की छाती की ऊंचाई तक एक प्लेटफार्म बनाया जाएगा जिस पर चढ़कर एक साथ 200 लोग प्रतिमा को समीप से देख पायेंगे। इस प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां, लिफ्ट और रास्ते का निर्माण भी हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस इस प्रतिमा के निर्माण पर 2989 करोड़ रूपये की लागत आयेगी।

मोदी इसके बाद वडोदरा के डभोई में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। गुजरात राज्य विधानसभा चुनाव इसी वर्ष होने वाले हैं। इस लिहाज से प्रधानमंत्री की इस रैली को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रैली में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता आदि भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *