कर्नाटक चुनाव: CM सिद्धारमैया ने Exit poll का उड़ाया मजाक, बोले- संडे एंज्वॉय करिए

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के ज्यादातर एग्जिट पोल में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़े मुकाबले की तस्वीर दिखाई गई है। एग्जिट पोल में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जताई गई है। यद्यपि इसमें भाजपा को बढ़त और जद (एस) के किंगमेकर की भूमिका में उभरने की भी संभावना व्यक्त की गई है। ज्यादातर एग्जिट पोल में बताया गया है कि कांग्रेस को कर्नाटक में सत्ता से बेदखल होना पड़ सकता है। लेकिन राज्य के सीएम सिद्धारमैया एग्जिट पोल के आंकड़ों को लेकर जरा भी चिंतित नहीं हैं। सिद्धारमैया ने इन डाटा को दो दिनों का मनोरंजन बताया है और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संडे एंज्वॉय करने की सलाह दी है। सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, “दो दिनों के लिए एग्जिट ऑपिनियन पोल मनोरंजन की तरह हैं, पोल ऑफ पोल्स पर विश्वास करना उसी तरह है जैसे एक शख्स जो कि तैर कर नदी पार नहीं कर सकता है उसे किसी आंकड़ेबाज ने बता दिया हो कि नदी की औसत गहराई तो चार फीट है, लेकिन याद रखिए 6+4+2 का औसत 4 ही है। पर 6 फीट की गहराई में आप डूब सकते हैं।” सिद्धारमैया ने आगे कहा, “इसलिए प्यारे पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक, एग्जिट पोल की चिंता मत करिए, रिलैक्स करिए और अपना वीकेंड एंज्वॉय करिए।”

बता दें कि रिपब्लिक टीवी- जन की बात और एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल में भविष्यवाणी की गई है कि भाजपा राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी और क्रमश: 104 सीटें और 104-116 सीटें प्राप्त करेगी। दोनों टीवी चैनलों ने राज्य में वर्तमान में सत्तारूढ़ कांग्रेस को क्रमश: 78 सीटें और 83-94 सीटें दी हैं। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा के नेतृत्व वाले जद (एस) को क्रमश: 37 और 20-29 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। राज्य के 224 विधानसभा सीटों में से 222 विधानसभा सीट पर रविवार (12 मई) मतदान हुआ। किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 112 विधायकों की जरूरत होगी।

वहीं इंडिया टुडे एक्सिस एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस राज्य में बहुमत में आ सकती है और उसे 106…118 सीटें मिल सकती है। वहीं भाजपा को 79 से 92 सीटें मिल सकती हैं। इसमें जदएस को 22 से 30 सीटें मिलने की संभावना जतायी गई है। एनडीटीवी के पोल के अनुसार भाजपा, कांग्रेस और जदएस को क्रमश: 97, 90 और 31 सीटें मिलने की संभावना जतायी गई है। टाइम्स नाउ..वीएमआर ने संभावना जतायी कि भाजपा 94, कांग्रेस 97 और जदएस 28 सीटें जीत सकती है। यद्यपि टाइम्स नाऊ..चाणक्य ने भाजपा को 120 सीटों के साथ बहुमत मिलने और कांग्रेस और जदएस को क्रमश: 73 और 26 सीटें मिलने की संभावना जतायी है। कांग्रेस ने 2013 में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में 122 सीटें जीती थीं । भाजपा में टूट हुई थी और उसे मात्र 40 सीटें आयी थीं जबकि जदएस को भी 40 सीटें मिली थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *