कांग्रेसी नेता ने राहुल गांधी को कहा पप्पू, पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता

पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ गलत शब्द का प्रयोग करना राजस्थान कांग्रेस के एक नेता को काफी महंगा पड़ा है। पार्टी ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी है। सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में यूथ कांग्रेस के महासचिव  ब्रह्मप्रकाश विश्नोई ने अपने व्हाट्सअप ग्रुप में राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कह दिया। बतलाया जा रहा है कि ब्रह्मप्रकाश विश्नोई केशव चंद्र यादव को राजस्थान में यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने से नाराज थे। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए विश्नोई ने अपने एक व्हाट्सअप ग्रुप में लिखा कि ‘आज पता चला कि लोग राहुल गांधी को पप्पू क्यों कहते हैं’?

इस व्हाट्सअप ग्रुप में यूथ कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र कादयान भी शामिल थे। बतलाया जा रहा है कि जल्दी विश्नोई का यह व्हाट्सअप मैसेज वायरल हो गया। जिसके बाद सोमवार (14 मई) की शाम को राजस्थान यूथ कांग्रेस ने ब्रह्मप्रकाश विश्नोई की सदस्यता निरस्त कर दी। पार्टी की तरफ से कहा गया है कि विश्नोई के इन बातों से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का अपमान हुआ है। इसलिए उनकी सदस्यता तुरन्त प्रभाव से समाप्त की जाती है।

राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने एक रणनीति के तहत कुछ ही दिनों पहले केशव चंद्र यादव को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया। राज्य में यूथ कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने खुद केशव चंद्र यादव के नाम पर मुहर लगाई थी। राहुल गांधी ने यह फैसला पार्टी से युवाओं को जोड़ने और अपना वोट बैंक मजबूत करने के लिए लिया था। केशव चंद्र यादव इससे पहले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, यूपी युवा कांग्रेस एवं भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के पद पर रह चुके हैं। इंडियन यूथ कांग्रेस में बदलाव की उम्मीद भी काफी समय से लगाई जा रही थी। विश्नोई पार्टी नेता अशोक चांदना के समर्थक बतलाए जाते हैं और चांदना को अध्यक्ष नहीं बनाने से वो काफी नाराज थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *