ब्रिटिश राजघराने में हो रही मशहूर शादी, भारत से गिफ्ट के तौर पर जा रही बैल की तस्वीर

दुनिया के सबसे मशहूर राजघरानों में से एक ब्रिटिश राजघराने में इन दिनों उत्सव का माहौल है। बता दें कि कल यानि कि 19 मई को ब्रिटिश राजघराने के राजकुमार प्रिंस हैरी (33 वर्ष) और मेगान मर्केल (36 वर्ष) शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। पूरी दुनिया में इस शादी की चर्चा है और भारत भी इससे अछूता नहीं है। खबर है कि प्रिंस हैरी की शादी के लिए भारत से एक गिफ्ट भी भेजा जाएगा। आपको जानकर हैरानी होगी कि गिफ्ट के तौर पर भारत से एक बैल की तस्वीर इस शाही जोड़े के लिए भेजी जाएगी। बता दें कि यह गिफ्ट जानवरों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली संस्था पेटा (पीपुल्स फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनीमल्स) की भारतीय शाखा द्वारा भेजा जाएगा।

दरअसल पेटा ने कुछ समय पहले महाराष्ट्र के सांगली से एक कमजोर और घायल बैल को बचाया था। माना जा रहा है कि यह बैल लंबे समय तक बैलगाड़ी खींचने के कारण घायल हो गया था, जिसे बाद में आवारा छोड़ दिया गया। इसके बाद पेटा ने इस बैल को बचाया और उसे सांगली की एक सेंचुरी में रखा गया है। ब्रिटिश शाही राजघराने में होने वाली शादी के प्रति सम्मान दिखाते हुए पेटा ने इस बैल का नाम ‘मेरी’ रखा है, जो कि होने वाली दुल्हन मेगान और प्रिंस हैरी के नामों का मिक्स है। अब पेटा इस बैल की एक फ्रेम की हुई तस्वीर शाही परिवार को गिफ्ट के तौर पर भेजेगा। पेटा के फाउंडर इनग्रिड न्यूकर्क का कहना है कि ‘शाही जोड़ा, जो कि चैरिटी के साथ शादी के दिन को सेलिब्रेट करना चाहता है, उसके लिए बैल ‘मेरी’ की तस्वीर शादी के लिए बेहतरीन गिफ्ट होगी।’

बैल की तस्वीर के साथ-साथ डब्बावालों का शहर सांगली ब्रिटिश शाही जोड़े के लिए, जिसमें दूल्हे के लिए एक फेटा (पगड़ी) और दुल्हन के लिए एक साड़ी भी गिफ्ट के तौर पर भेजने वाला है। शाही शादी की बात करें तो यह शादी विंडसर कैसल के सेंट जॉर्ज चैपल में आयोजित की जाएगी। खबर है कि इस शाही शादी में 600 मेहमान शामिल होंगे, जिनमें से 200 लोग प्रिंस हैरी और मेगान मर्केल के नजदीकी दोस्त या रिश्तेदार होंगे। किसी बड़ी राजनैतिक हस्ती को इस शादी के लिए न्यौता नहीं दिया गया है। बता दें कि प्रिंस हैरी और मेगान मर्केल ने बीते साल नवंबर में सगाई की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *