Video: शादी के मौके पर ब्रिटिश राजघराने के उत्तराधिकारी प्रिंस हैरी की आंखों में छलके आंसू वीडियो में क़ैद

ब्रिटिश राजघराने के पांचवें नंबर के उत्तराधिकारी 33 वर्षीय प्रिंस हैरी शनिवार (19 मई) को हॉलीवुड अभिनेत्री मेगन मार्कल संग वैवाहिक बंधन में बंध गए। शाही शादी के मौके पर प्रिंस हैरी की आंखों में आंसू छलक आए, जिन्हें कैमरे ने कैद कर लिया। यूट्यूब पर ‘द रॉयल फैमिली’ चैनल ने प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल की शादी का करीब ढाई घंटे का वीडियो कुछ ही घंटों पहले अपलोड किया है, जिसके ‘1:08:04’ हिस्से में प्रिंस हैरी आंसू पोंछते हुए साफ नजर आते हैं। भावुक हैरी की कई जिफ इमेज भी इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। सोशल मीडिया पर लोगों की हैरी के प्रति खासी संवेदना देखी जा रही है। शादी के मौके पर हैरी के इस तरह भावुक होने के पीछे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह संभवत: अपनी दिवंगत मां प्रिंसेज डायना को खुशी के मौके पर याद कर रहे थे। शाही घराने की इस शाही शादी के वीडियो को खबर लिखे जाने तक 13,750,584 बार देखा जा चुका था। शाही शादी का आयोजन विंडसर के सेंट जॉर्ज गिरिजाघर में रखा गया था।

इस मौके पर हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स मेगन को उनके पास पास तक लेकर आए। मेगन ने मशहूर फैशन डिजायनर क्लेयर वाइट केलर की डिजाइन की हुई शानदार बोट नेक गाउन पहन रखी थी जिसे पीछे से कुछ बच्चों ने संभाल रखा था। वहीं प्रिंस हैरी ने ब्रिटिश सेना की आधिकारिक ब्लू और रॉयल्स फ्रॉक कोट यूनीफॉर्म पहनी थी। इस शाही शादी के मौके पर मेगन मार्कल की मां की आंखों से भी आंसू देखे गए। ब्रिटिश राजघराने की इस शाही शादी में 600 मेहमानों को आधिकारिक तौर पर आमंत्रित किया गया है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *